हाईवे पर किया प्रदर्शन, जलदाय विभाग से की नियमित सप्लाई की मांग
खेतड़ी I झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
खेतड़ी उपखंड के गोठड़ा गांव में पेयजल संकट को लेकर वार्ड नंबर 1 और 2 की महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं नेशनल हाईवे पर पहुंच गई और जलदाय विभाग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पिछले दो महीनों से दोनों वार्डों में पानी की भारी किल्लत बनी हुई है और लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में कुंभाराम नहर होने के बावजूद नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं हो पा रही है। भीषण गर्मी के बीच पानी की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने जलदाय विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा। सूचना मिलने पर खेतड़ी नगर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे लोगों से समझाइश की। वार्डवासियों ने प्रशासन और जलदाय विभाग को तीन दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि यदि तय समय में पानी की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो नेशनल हाईवे को जाम कर उग्र आंदोलन किया जाएगा। ग्रामीणों ने बताया कि दोनों वार्डों में अनुसूचित जाति एवं मजदूर वर्ग के लोग निवास करते हैं, जो पहले से ही आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे हैं। ऐसे में पानी की समस्या ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। इस मौके पर कमला देवी, सुनीता, किरण, सपना, संजू, रामकला, भतेरी, विमला, संतोष, रजवन देवी, संतरा, अनिता, कांता देवी, सुनीता, राधा देवी सहित अनेक ग्रामीणजन मौजूद रहें I










