ब्रेक फेल होने की आशंका, हादसे के बाद मौके पर मची अफरातफरी और लगा जाम
चूरू। शहर के व्यस्त पंखा सर्किल पर बुधवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब रतनगढ़ से आ रही एक अनियंत्रित रोडवेज बस डिवाइडर से टकराकर सर्किल के अंदर घुस गई। तेज रफ्तार बस ने दो मोटरसाइकिलों को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दो लोग घायल हो गए।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस अचानक लहराते हुए आई और डिवाइडर से टकराने के बाद मोची की थड़ी को टक्कर मारते हुए दो बाइक पर चढ़ गई।

हादसे में दोनों मोटरसाइकिलें बस के अगले टायर के नीचे आकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।घटना के दौरान बाइक सवारों ने कूदकर अपनी जान बचाने का प्रयास किया, लेकिन दो लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। समाचार लिखे जाने तक घायलों की पहचान नहीं हो सकी थी।गनीमत रही कि हादसे के समय सर्किल पर ज्यादा भीड़ नहीं थी, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और वाहनों की लंबी कतार लगने से जाम की स्थिति बन गई।सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था संभालते हुए क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर रास्ता खुलवाया।प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बस चालक ने ब्रेक फेल होने के कारण नियंत्रण खो दिया था, जिससे यह हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा बस चालक से पूछताछ की जा रही है।
चूरू से महिला कांग्रेस का बड़ा अभियान, PM को भेजे जाएंगे 10 लाख पोस्टकार्ड
रतननगर में 540 मरीजों का मुफ्त इलाज, 32 साल से चल रहा मिर्गी शिविर
चूरू में BJP की जीत का जश्न, गढ़ चौराहे पर आतिशबाजी और मिठाई














