राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का जलवा, पूरे राजस्थान में लहराया झुंझुनूं जिले का परचम
झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
खेल प्रतिभाओं की धरती झुंझुनूं ने एक बार फिर साबित कर दिया कि यहां के खिलाड़ी अब केवल भाग लेने नहीं, बल्कि इतिहास रचने के लिए मैदान में उतरते हैं। जोधपुर में आयोजित सातवीं राज्य स्तरीय किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता में झुंझुनूं जिले के खिलाड़ियों ने ऐसा दमदार प्रदर्शन किया कि पूरा प्रदेश उनकी प्रतिभा का कायल हो गया। जिले की टीम ने रिकॉर्ड 40 स्वर्ण पदक जीतकर ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया और जीत का परचम पूरे राजस्थान में लहरा दिया।जोधपुर जिले स्थित माहेश्वरी जन उपयोगी भवन में 1 से 3 मई तक आयोजित इस प्रतियोगिता में राजस्थान के विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले हुए। प्रतियोगिता का आयोजन जोधपुर किकबॉक्सिंग एसोसिएशन द्वारा राजस्थान किकबॉक्सिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में तथा ( डब्ल्यूएको ) इंडिया किकबॉक्सिंग फेडरेशन के नियमों के अनुसार किया गया। झुंझुनूं के खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल और शानदार तकनीक का प्रदर्शन करते हुए मुकाबलों में अपना दबदबा बनाए रखा। रिंग में खिलाड़ियों का आत्मविश्वास, अनुशासन और जोश देखने लायक था। एक के बाद एक जीत के साथ झुंझुनूं टीम ने स्वर्ण पदकों की झड़ी लगा दी और प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर ऑल ओवर चैंपियन का खिताब अपने नाम कर लिया।अब जिले के स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगे। जूनियर नेशनल प्रतियोगिता 30 मई से 3 जून तक भुवनेश्वर में आयोजित होगी, जबकि कैडेट नेशनल प्रतियोगिता 17 से 21 जून 2026 तक इंदौर (मध्यप्रदेश) में होगी। खिलाड़ियों की इस सफलता ने राष्ट्रीय स्तर पर भी जिले से बड़ी उम्मीदें जगा दी हैं।स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी – कनिष्क, दीपिका नायक, नैश, निधि, परीक्षा, गौरव डागर, हर्ष चौधरी, वीरेंद्र चौधरी, दक्ष लंबा, जतिन सियाग, आर्यन सियाग, कशिश, दिशांत, इशिता, अप्सरा, अदिति, भाविका, विक्रम, जीवांश, विजय, ऋषिका, चाहत झाझड़िया, खुशी, आलोक, मिलन, अंशु जांगिड़, भविष्य, दीपक सिंह, मुकुल और वंशु ने स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया।
रजत और कांस्य में भी शानदार प्रदर्शन
रुद्राक्ष, प्रिंस, वैशाली, अंशु बानो, दीक्षा, विनायक, प्रिंस बलवाड़ा, अनुज कुलार, पर्णेश चौधरी, दिया, यश शेखावत और सिद्धांत ने रजत पदक अपने नाम किए। वहीं पायल खन्ना, अनिका सिंह, विवान कुल्हड़, अर्पित जानू, प्रिंस बेनीवाल, छात्रवर्धन, मितुल, तक्ष, आर्यन, आरुषि, जनित, हर्षल, कृष्णा, तरुण और अंश कुमार ने कांस्य पदक जीतकर जिले की जीत में अहम योगदान दिया।इस ऐतिहासिक उपलब्धि के पीछे टीम कोच संदीप योगी, प्रवीण शर्मा और मीरा कटेवा की कड़ी मेहनत और खिलाड़ियों का अनुशासित प्रशिक्षण सबसे बड़ी ताकत रहा। खिलाड़ियों की सफलता पर खेल प्रेमियों और अभिभावकों में खुशी का माहौल है। सुभाष योगी ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। किकबॉक्सिंग में मिली यह बड़ी सफलता साबित करती है कि झुंझुनूं जिले के खिलाड़ी अब प्रदेश ही नहीं, राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी मजबूत पहचान बना रहे हैं। जिले की यह स्वर्णिम उपलब्धि आने वाली युवा पीढ़ी के लिए नई प्रेरणा बन गई है।
चूरू से महिला कांग्रेस का बड़ा अभियान, PM को भेजे जाएंगे 10 लाख पोस्टकार्ड
रतननगर में 540 मरीजों का मुफ्त इलाज, 32 साल से चल रहा मिर्गी शिविर
चूरू में BJP की जीत का जश्न, गढ़ चौराहे पर आतिशबाजी और मिठाई


















