ग्रामीण रथ अभियान बना जनसंवाद का बड़ा माध्यम, 216 ग्राम पंचायतों में 40 हजार से अधिक ग्रामीणों तक पहुंचीं योजनाएं
झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए शुरू किया गया ग्रामीण रथ अभियान अब जिले में जनजागरण और जनसंवाद का प्रभावी माध्यम बनता जा रहा है। गांवों की चौपालों तक पहुंच रहे एलईडी युक्त जागरूकता रथ न केवल योजनाओं का प्रचार-प्रसार कर रहे हैं, बल्कि मौके पर ही ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान की पहल भी की जा रही है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग तथा जिले के प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत ने बुधवार को मंडावा विधानसभा क्षेत्र की नांद ग्राम पंचायत में आयोजित ग्रामीण रथ अभियान समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सरकार के निर्देशानुसार प्रशासन गांवों तक पहुंचकर आमजन को राहत देने का कार्य कर रहा है, जिससे ग्रामीणों में खुशी और विश्वास का माहौल बना है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि जिले में संचालित ग्रामीण रथों के माध्यम से 13 विभागों की योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाई जा रही है। पिछले दो वर्षों में राज्य सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों और जनहितकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के साथ-साथ लोगों की समस्याएं और सुझाव जानने का यह अभिनव प्रयास है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में विकास की गति को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा। समारोह में निर्वतमान जिला प्रमुख हर्षिनी कुलहरी ने कहा कि प्रत्येक ग्रामीण रथ में सुझाव पेटिका रखी गई है, जिससे ग्रामीण सीधे अपने सुझाव सरकार तक पहुंचा सकते हैं। वहीं पूर्व सांसद नरेंद्र कुमार ने मंडावा विधानसभा क्षेत्र में हुए विकास कार्यों की विस्तार से जानकारी दी। जिला कलक्टर डाॅ. अरूण गर्ग ने बताया कि जिले की प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक-एक एलईडी वाहन आवंटित किया गया है। प्रत्येक वाहन प्रतिदिन 3 से 5 गांवों में पहुंचकर योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक करेगा।कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, ट्राई साइकिल वितरण, पट्टा वितरण, बीमा क्लेम और अन्नप्राशन जैसी योजनाओं के लाभार्थियों को दस्तावेज वितरित किए गए। ग्रामीण रथ पर योजनाओं से संबंधित वीडियो क्लिप का प्रसारण किया गया, वहीं स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को आकर्षक बना दिया। इस अवसर पर जिला परिषद सीईओ कैलाश यादव, एसीईओ रामनिवास, सीडीईओ अशोक शर्मा, सीएमएचओ डॉ. छोटेलाल गुर्जर, पीएचईडी एसई राजपाल सिंह, एवीवीएनएल एई महेश टीबड़ा, मंडावा पंचायत समिति विकास अधिकारी अमित चौधरी, चिड़ावा प्रधान रोहिताश्व, विशंभर पूनियां सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं ग्रामीण मौजूद रहें I
चूरू से महिला कांग्रेस का बड़ा अभियान, PM को भेजे जाएंगे 10 लाख पोस्टकार्ड
रतननगर में 540 मरीजों का मुफ्त इलाज, 32 साल से चल रहा मिर्गी शिविर
चूरू में BJP की जीत का जश्न, गढ़ चौराहे पर आतिशबाजी और मिठाई


















