ताश-पत्तियों पर लगा रहे थे दांव, 12,470 रुपये नकद व जुआ सामग्री जब्त
बुहाना । झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
जिले के बुहाना थाना पुलिस ने अवैध जुए के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ताश-पत्तियों पर रुपये दांव लगाकर जुआ खेलते दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 12 हजार 470 रुपये की जुआ राशि एवं जुआ सामग्री भी जब्त की है। पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर आईपीएस के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत आरपीएस के मार्गदर्शन तथा वृताधिकारी नोपाराम भाकर के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। थाना अधिकारी बिमला बुडानियां के नेतृत्व में गठित टीम ने 4 मई को मिली सूचना के आधार पर बणी बुहाना क्षेत्र में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ताश-पत्तियों पर रुपये दांव लगाकर जुआ खेलते कमल सिंह पुत्र चन्द्राराम निवासी भिर्र तथा जगवीर पुत्र रामवतार निवासी सीमनी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 12,470 रुपये नकद एवं जुआ खेलने में प्रयुक्त सामग्री बरामद की। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कार्रवाई में सुरेन्द्र कुमार, हेमराज, धर्मपाल, सुशील कुमार, महेश कुमार एवं सोमवीर सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही।

















