लॉयंस क्लब झुंझुनूं द्वारा फ्री मेडिकल कैंप आयोजित

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
लॉयंस क्लब झुंझुनूं के तत्वावधान में रविवार को बगड़ रोड स्थित पंसारी लॉयंस अस्पताल में सेवा और स्वास्थ्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए दो विशेष चिकित्सा शिविरों का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर स्वर्गीय एमजेएफ लॉयन मानाराम जांगिड़ की पुण्य स्मृति में उनकी धर्मपत्नी श्रीमती अमरावती देवी एवं उनके सुपुत्रों के आर्थिक सौजन्य से आयोजित किया गया। सुबह तीन घंटे तक चले इस शिविर में दी फैमिली केयर क्लीनिक की प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. प्रज्ञा पांडे ने अपनी सेवाएं दीं। शिविर में कुल 68 रोगियों ने अपना पंजीकरण कराया। सभी मरीजों की ब्लड प्रेशर (बीपी) और शुगर की निशुल्क जांच की गई। मधुमेह शिविर में डॉ. पांडे के परामर्श के पश्चात, चिह्नित रोगियों को एक माह की दवाइयां फ्री दी गई। जिससे आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को बड़ी राहत मिली। इसी परिसर में समान समय अंतराल पर बहुउद्देशीय चिकित्सा शिविर भी आयोजित हुआ। जिसमें विभिन्न बीमारियों से ग्रसित 28 रोगियों का पंजीयन किया गया। डॉ. प्रज्ञा पांडे द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण के बाद मरीजों को क्लब के मेडिसिन बैंक से सात दिवस की दवाइयां निशुल्क वितरित की गईं। शिविर के सफल संचालन में दानदाता परिवार के लॉयन शुभकरण जांगिड़ ने सक्रिय भूमिका निभाई। इस अवसर पर क्लब के वरिष्ठ सदस्य और पदाधिकारी उपस्थित रहे। जिनमें मुख्य रूप से परामर्शदाता डॉ. प्रज्ञा पांडे, क्लब कोषाध्यक्ष लॉयन भागीरथप्रसाद जांगिड़, लॉयन राजेंद्र पांडे, लॉयन सुनिल कौशिक, लॉयन शिवरतन शर्मा और लायन प्रमोद तुलस्यान शामिल थे। मधुमेह चिकित्सा शिविर का कुशल नेतृत्व संयोजक लॉयन महिपाल सिंह ने किया। वहीं बहुउद्देशीय चिकित्सा शिविर की कमान संयोजक लॉयन मांगीलाल वर्मा ने संभाली।