बगड़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 200+ सीसीटीवी खंगालकर दो शातिर गिरफ्तार, सोने-चांदी के आभूषण बरामद
झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
जिले में बंद मकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले अंतरराज्यीय चोर गिरोह का बगड़ पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गिरोह के दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन में, वृताधिकारी हरिसिंह धायल के सुपरविजन में थाना बगड़ व डीएसटी टीम ने यह अहम कार्रवाई अंजाम दी। बगड़ कस्बे और बख्तावरपुरा में हुई चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने विशेष टीमों का गठन किया। करीब 100 किलोमीटर के दायरे में 200 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसके बाद संदिग्धों की पहचान कर उन्हें ट्रैक किया गया। मुखबिर की सटीक सूचना पर मुख्य आरोपी रामकुमार को हरियाणा के राजगढ़ क्षेत्र से पकड़ा गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि चोरी का माल भिवानी के एक सुनार को बेचा गया है, जिसके आधार पर दूसरे आरोपी कमल सिंह को भी गिरफ्तार किया गया।
दिनदहाड़े बंद घरों को बनाते थे निशाना
गिरोह का तरीका बेहद शातिराना था— घरों की रेकी कर परिवार के बाहर जाने का इंतजार । मुख्य दरवाजों के ताले तोड़कर अंदर घुसना। अलमारी तोड़कर नकदी और जेवरात साफ करना I बख्तावरपुरा और बगड़ में हुई दो प्रमुख वारदातों में आरोपियों ने दिनदहाड़े लाखों के आभूषण और नकदी पार कर ली थी।
हिस्ट्रीशीटर निकला मुख्य आरोपी
गिरफ्तार आरोपी रामकुमार के खिलाफ पहले से ही विभिन्न थानों में चोरी के 16 मामले दर्ज हैं, जिससे उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि साफ उजागर होती है।थानाधिकारी दौलतराम के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी संसाधनों और मुखबिर तंत्र का बेहतरीन उपयोग करते हुए गिरोह तक पहुंच बनाई। साइबर सेल और डीएसटी टीम की भूमिका इस ऑपरेशन में अहम रही।
टीम के अमित मोटसरा, जितेन्द्र ठाकन और महेन्द्र कुमार सहित टीम के अन्य सदस्यों ने लगातार मेहनत कर इस चुनौतीपूर्ण केस को सुलझाया।

















