झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट और प्रेरणादायक कार्यों के लिए समाजसेवी एवं भाजपा नेता महेश बसावतिया का उनके निज निवास पर विप्र समाज के गणमान्य बंधुओं द्वारा भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस अवसर पर सामाजिक एकता और सांस्कृतिक मूल्यों की अनूठी झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में ब्राह्मण समाज के संरक्षक हुक्मीचंद लाम्बी वाला के नेतृत्व में समाज के प्रतिनिधियों ने बसावतिया का राम मंदिर का प्रतीक चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया। सम्मान समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें समाजसेवा और धार्मिक कार्यों के प्रति समर्पण को सराहा गया। हुक्मीचंद लाम्बी वाला ने कहा कि महेश बसावतिया लंबे समय से समाजहित में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनके द्वारा किए जा रहे सामाजिक और धार्मिक कार्य न केवल प्रेरणादायक हैं, बल्कि समाज के लिए मार्गदर्शक भी हैं। उन्होंने सपत्निक बसावतिया का सम्मान करते हुए उनके योगदान को अनुकरणीय बताया। इस अवसर पर ब्राह्मण नेता शिवचरण पुरोहित एवं शिक्षाविद सुरेंद्र शर्मा ढाणी वाला के सानिध्य में कार्यक्रम आयोजित हुआ। वक्ताओं ने बसावतिया की समाज के प्रति निष्ठा, सेवा भावना और सक्रियता की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे व्यक्तित्व समाज की असली पूंजी होते हैं। सम्मान प्राप्त करने के बाद महेश बसावतिया ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए प्रेरणा का स्रोत है और वे भविष्य में भी समाजसेवा के कार्यों में पूरी निष्ठा से जुटे रहेंगे।

















