धमकियों और दबाव से मानसिक तनाव में थी युवती; आरोपी ने ही पिता को फोन कर कहा—“बेटी को बचाओ”
झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
जिले के पिलानी थाना क्षेत्र में एकतरफा प्रेम की सनक ने एक और परिवार की खुशियां छीन लीं। 24 वर्षीय युवती ने कथित रूप से मानसिक उत्पीड़न और लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मामले में आरोपी युवक के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार घटना 22 अप्रैल की शाम करीब 4 बजे की है। परिजनों का आरोप है कि एक युवक लंबे समय से युवती पर घर से भागकर शादी करने का दबाव बना रहा था। युवती द्वारा इंकार करने पर वह उसे लगातार धमकियां दे रहा था, जिससे वह मानसिक रूप से बेहद परेशान चल रही थी। घटना से पहले आरोपी युवक ने युवती के पिता को फोन कर कहा—“अपनी बेटी को बचाओ, वह फांसी लगा रही है।” यह सुनते ही पिता घबराकर घर की ओर दौड़े, लेकिन जब तक वे पहुंचे, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। कमरे का दृश्य देखकर परिवार सदमे में आ गया।सूचना मिलते ही पिलानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।परिजनों ने बताया कि आरोपी की हरकतों से परेशान होकर उन्होंने उसके पिता को बुलाकर समझाइश भी की थी और बेटे को रोकने की बात कही थी, लेकिन इसके बावजूद आरोपी की गतिविधियों में कोई सुधार नहीं हुआ।

















