जल जीवन मिशन के ठेकेदार ने जलदाय विभाग के पूरे सिस्टम को कर दिया हैक!

खिरोड़ कस्बे में चार दिन से नहीं हो रही है पेयजल सप्लाई, करीब 3 महीने से बंद पड़ा है खिरोड़ का जेईएन ऑफिस, ग्रामीणों ने जताया विरोध और जिला कलेक्टर के सामने विरोध प्रदर्शन करने की दी चेतावनी

खिरोड़ । झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
कस्बे में जल जीवन मिशन योजना के तहत पेयजल सप्लाई का काम करने वाले संबंधित ठेकेदार ने जलदाय विभाग के पूरे सिस्टम को हैक कर दिया। जिससे खिरोड़ कस्बे में चार दिन से पेयजल सप्लाई पूरी तरह से बंद पड़ी हुई है। चार दिन से पेयजल सप्लाई बंद होने से खिरोड़ में पीने के पानी के लिए लोगों में त्राहि त्राहि मची हुई है। खिरोड़ कस्बे के ग्रामीण बनवारीलाल शर्मा एवं समरसिंह शेखावत ने बताया कि खिरोड़ के किसी भी वार्ड एवं मोहल्ले में पेयजल सप्लाई नहीं हो रही है। जिससे जहां स्कूलों में पीने के पानी को लेकर बच्चे परेशान हो रहे हैं। वहीं ग्रामीणों को भी पीने का पानी दूर दराज से लाकर अपनी प्यास बुझानी पड़ रही है। इस संबंध में ग्रामीण जगदीशप्रसाद मीणा ने बताया कि जल जीवन मिशन योजना में जिस ठेकेदार ने काम किया था। उस ठेकेदार ने जलदाय विभाग के खिरोड़ में स्थित पंप हाउस को बंद कर दिया गया। जिससे पेयजल सप्लाई ठप पड़ी हुई है। वहीं खिरोड़ के उप सरपंच प्रहलाद धानिया ने बताया कि संबंधित ठेकेदार द्वारा पेयजल व्यवस्था को बिगाड़ने का कारण अभी सामने नहीं आ रहा है। मगर चार दिन से खिरोड़ कस्बे में पेयजल सप्लाई बंद पड़ी है। जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इधर, ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि अगर गुरुवार को सुबह 11 बजे तक पेयजल सप्लाई शुरू नहीं हुई तो पंप हाउस पर बनी हुई पानी की टंकी पर ग्रामीणों द्वारा चढ़कर प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं जिला कलेक्ट्रेट झुंझुनूं के सामने भी विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। कई ग्रामीणों ने बताया कि जलदाय विभाग के एक्सईएन, एईएएन एवं जेईएन से संपर्क किए जाने पर तीनों ने अपने फोन तक रिसीव नहीं किया। जबकि पेयजल समस्या का समाधान करना तो दूर की बात है। इधर चार दिन से ठप पड़ी पेयजल व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर खिरोड़ कस्बे के ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन भी किया गया। विरोध प्रदर्शन करने वाले लोगों पारली, परमेश्वरी, द्रोपती, धन्नी, सुनिता, कमला, पूजा, अनिता, मुन्नी, पतासी, कलावती, सरोज, विमला, संतरा, ममता, नौरंगीलाल, ओमप्रकाश, इस्लाम खान, दिनेश, अनिल, योगेश, विद्याधर मीणा, जग्गूराम मीणा, हंसराज कुलदीप सहित कई लोग शामिल थे।

इनका कहना है…

जल जीवन मिशन के संबंधित ठेकेदार द्वारा जलदाय विभाग के सिस्टम को पूरी तरह से हैक करने का मामला सामने आया है और स्थानीय कर्मचारियों द्वारा स्थानीय किसी इलेक्ट्रॉनिक मिस्त्री को बुलाकर सिस्टम को शुरू करने की कोशिश की मगर संबंधित ठेकेदार द्वारा पूरे सिस्टम को हैक कर दिया गया है। इसलिए मोटर नहीं चल पाई है। इस विषय में जलदाय विभाग के एक्सईएन एवं एईएन से संपर्क करने की कोशिश की मगर दोनों ने अपना फोन रिसीव नहीं किया।

— महावीरप्रसाद भामू, प्रशासक, ग्राम पंचायत खिरोड़

खिरोड़ में जल जीवन मिशन का कार्य करने वाले संबंधित ठेकेदार द्वारा पंप हाउस को बंद किए जाने की सूचना ग्रामीणों से मिली है। शीघ्र ही जलदाय विभाग के इलेक्ट्रॉनिक मैकेनिक को भेजकर सिस्टम को ठीक करवाकर पेयजल सप्लाई शुरू करवा दी जाएगी।

— मोहम्मद अली, एक्सईएन, जलदाय विभाग, नवलगढ़

ननंद-भाभी की मिसाल! 60 बच्चों का भविष्य संवार रहीं | गांव में फ्री क्लास

चूरू में नशे के खिलाफ सर्व समाज का प्रदर्शन | SP को सौंपा ज्ञापन, सख्त कार्रवाई की मांग

मौसमी बीमारियों से कैसे बचें? | डॉक्टर अरविंद सैनी का खास इंटरव्यू