फिल्मी स्टाइल में ‘बदमाशों’ की तरह गाड़ी दौड़ाई कांस्टेबल ने
चिड़ावा । झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
थाने में एसीबी की कार्रवाई के दौरान उस वक्त हड़कंप मच गया। जब रिश्वत लेते पकड़े जाने के डर से आरोपी पुलिस कांस्टेबल ड्राइवर ने एसीबी टीम पर ही फिल्मी अंदाज में बदमाशों की तरह गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। फिल्मी अंदाज में हुई इस वारदात में एक एसीबी का कॉन्स्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि आरोपी पुलिस की सरकारी गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया। चिड़ावा थाना परिसर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो जयपुर की टीम की कार्रवाई के दौरान सनसनीखेज घटनाक्रम सामने आया। रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़े जाने के डर से थाने के ड्राइवर अनिल कुमार ने एसीबी टीम पर ही गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया।
आरोपी ड्राइवर अनिल कुमार को पकड़ने के प्रयास के दौरान एसीबी टीम का एक कॉन्स्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गया। एसीबी जयपुर के डिप्टी एसपी सुरेंद्र पंचोली ने बताया कि आरोपी ड्राइवर अनिल कुमार एक गाड़ी ड्राइवर को लकड़ियों के परिवहन करने पर कार्रवाई करने का डर दिखाकर पैसे मांग रहा था। शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी टीम ने जाल बिछाया और आरोपी को रंगे हाथों पकड़ने की कार्रवाई शुरू की। जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की राशि ली। टीम ने उसे पकड़ने का प्रयास किया। लेकिन टीम को देखते ही पुलिस कांस्टेबल अनिल कुमार फिल्मी अंदाज में बदमाशों की तरह गाड़ी दौड़ाने लगा।
थाना गेट के पास गाड़ी रुकवाने की कोशिश की गई। लेकिन आरोपी ने गाड़ी रोकने के बजाय रिवर्स गियर में डालकर तेज गति से भगाकर ले गया। भागने के दौरान आरोपी ने एसीबी टीम के सदस्यों को कुचलने की कोशिश की। एसीबी टीम के कॉन्स्टेबल लक्ष्मीनारायण ने बहादुरी दिखाते हुए ड्राइवर साइड की खिड़की से लटककर गाड़ी रोकने की कोशिश की। लेकिन आरोपी ने गाड़ी नहीं रोकी। आरोपी ने गली में खड़ी अन्य गाड़ियों से फिल्मी स्टाइल में लक्ष्मीनारायण को टक्कर मारते हुए कॉन्स्टेबल को गिरा दिया। एक खड़ी कार से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गया और बेहोश हो गया। घटना के बाद आरोपी ड्राइवर पुलिस की सरकारी गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया। घायल कॉन्स्टेबल को तत्काल स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें झुंझुनूं रेफर किया गया। फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। एसीबी के डिप्टी एसपी सुरेंद्र पंचोली ने बताया कि आरोपी ने एसीबी टीम के कर्मचारी की जान लेने का प्रयास किया है। उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। एसीबी की टीम आरोपी अनिल कुमार की तलाश में जुटी है और मामले की गहन जांच जारी है।
चूरू में नशे के खिलाफ सर्व समाज का प्रदर्शन | SP को सौंपा ज्ञापन, सख्त कार्रवाई की मांग
मौसमी बीमारियों से कैसे बचें? | डॉक्टर अरविंद सैनी का खास इंटरव्यू

















