किसान नेता रामेश्वर डूडी को दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि

कहा– किसानों, मजदूरों और व्यापारियों के हक की हमेशा की लड़ाई लड़ते रहे डूडी

हनुमानगढ़ । हिमांशु मिढ्ढा
किसान रेस्ट हाउस में शुक्रवार को किसान नेता एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष रामेश्वर डूडी के निधन पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में किसान, मजदूर, व्यापारी और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित हुए। कार्यक्रम की शुरुआत में उपस्थितजनों ने डूडी जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। सभा का माहौल भावनात्मक रहा और हर किसी ने उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि वे किसानों के सच्चे हितैषी थे।सभा को संबोधित करते हुए जाट महासभा के जिलाध्यक्ष रामजस बुरड़क ने कहा कि रामेश्वर डूडी ने मात्र 62 वर्ष की उम्र में जो पहचान और स्थान लोगों के दिलों में बनाया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि डूडी जी ने राजनीति को जनसेवा का माध्यम बनाकर समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने का काम किया। वे केवल एक पार्टी के नेता नहीं, बल्कि हर किसान, मजदूर और व्यापारी के साथी थे।स्टीसाइड यूनियन के अध्यक्ष हंसराज गोदारा ने कहा कि डूडी जी ने हमेशा किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता दी और उनके अधिकारों की आवाज बुलंद की। वे किसानों की हर लड़ाई में अग्रणी भूमिका निभाते रहे। वहीं मजदूर यूनियन के अध्यक्ष रोहितास धानक ने कहा कि हमें डूडी जी के आदर्शों पर चलकर समाज में एक नई मिसाल कायम करनी चाहिए। उन्होंने पंचायत से लेकर लोकसभा तक बिना किसी भेदभाव के राजनीति की और हर स्तर पर जनहित को सर्वोपरि रखा।सभा में जाट समाज समिति के अध्यक्ष सादूल मटोरिया, किसान संघ के अध्यक्ष जयवीर गोदारा, आदराम मटोरिया, सरजीत न्योल, ओमप्रकाश आर्य, बनवारी नायक, चरण सिंह धानक, तेजपाल मटोरिया, हेतराम गिला और गिरधारी कडवासरा सहित अनेक किसान, मजदूर व व्यापारी वर्ग से जुड़े लोग उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि रामेश्वर डूडी जैसे नेताओं की कमी को पूरा नहीं किया जा सकता।सभा के अंत में उपस्थित जनों ने संकल्प लिया कि डूडी जी के दिखाए मार्ग पर चलते हुए समाज के कमजोर वर्गों, किसानों और मजदूरों के हक के लिए संघर्ष जारी रहेगा। श्रद्धांजलि सभा के दौरान पूरा वातावरण “डूडी अमर रहें” के नारों से गूंज उठा।

शहीद भगत सिंह विचार मंच के युवाओं का सम्मान | चूरू सूचना केंद्र कार्यक्रम | वीर तेजाजी विकास समिति

GST स्लैब में बदलाव: चूरू की जनता की राय | फायदा या नुकसान? जानिए सच्चाई | Ground Report