पड़िहारा, सरदारशहर और चूरू में फैला था नशीली गोलियों का जाल; 11,800 नशीली टैबलेट्स जब्त
राजलदेसर। पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक जय यादव के निर्देशन, रतनगढ़ पुलिस उप अधीक्षक अनिल कुमार की सुपरविजन और सीआई दिलीप सिंह के मार्गदर्शन में 17 अप्रैल 2025 को पड़िहारा निवासी मुमताज अली को 11,800 नशीली टैबलेट्स के साथ गिरफ्तार किया गया था।गश्त के दौरान रोडवेज बस स्टैंड, पड़िहारा के पास से पकड़े गए मुमताज अली के कब्जे से ट्रामाडोल और एल्प्राजोल जैसी प्रतिबंधित टैबलेट्स बरामद की गईं। पूछताछ में मुमताज ने खुलासा किया कि ये नशीली गोलियां उसने सरदारशहर निवासी विकास सहारण से ली थीं और उन्हें चूरू निवासी अजय प्रकाश शर्मा को सौंपनी थीं।तीनों आरोपी—मुमताज अली, विकास सहारण और अजय प्रकाश शर्मा—नशीली गोलियों की तस्करी में लिप्त पाए गए हैं। मुमताज को पहले ही जेल भेजा जा चुका था। आज, 5 जून को, विकास सहारण और अजय प्रकाश शर्मा को जिला जेल चूरू से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर गिरफ्तार किया गया।पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, विकास सहारण पूर्व में सरदारशहर थाने में और अजय प्रकाश शर्मा कोतवाली चूरू में नशीली टैबलेट्स के मामलों में गिरफ्तार हो चुके हैं। पुलिस ने इन तीनों को शातिर किस्म का अपराधी मानते हुए युवाओं को नशे की लत में धकेलने का गंभीर आरोप लगाया है।















