पृथ्वी धर्मकांटा, आर.के. इंटरप्राइजेज और अग्रवाल गृत उद्योग पर कार्रवाई , नरसिंहपुरा टोल प्लाजा पर नहीं मिली अनियमितता
झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा और तौल-माप में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए उपभोक्ता मामले विभाग मंत्री सुमित गोदारा के निर्देश पर विधिक माप विज्ञान विभाग ने झुंझुनूं में धर्मकांटों और टोल प्लाजा पर आकस्मिक जांच अभियान चलाया। बुधवार और गुरूवार को चलाए गए इस अभियान में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर तीन प्रतिष्ठानों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर कुल 15 हजार रूपए का जुर्माना लगाया गया।
अभियान के दौरान विभागीय टीम ने शहर के विभिन्न धर्मकांटों के साथ नरसिंहपुरा टोल प्लाजा पर तौल एवं माप उपकरणों की जांच की। जांच में पृथ्वी धर्मकांटा, आर.के. इंटरप्राइजेज और अग्रवाल गृत उद्योग पर नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर तीन प्रकरण दर्ज किए गए। विभाग ने तीनों प्रतिष्ठानों पर कुल 15,000 रूपए का जुर्माना लगाया।
जांच अभियान के तहत नरसिंहपुरा टोल प्लाजा के तौल एवं माप उपकरणों की भी जांच की गई। यहां विभागीय टीम को कोई अनियमितता नहीं मिली। विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य तौल-माप व्यवस्था में निर्धारित नियमों की पालना सुनिश्चित करना और उपभोक्ताओं को संभावित गड़बड़ी से बचाना है।
विधिक माप विज्ञान विभाग ने बताया कि उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा और व्यापारिक गतिविधियों में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए आगे भी औचक जांच अभियान जारी रहेगा। विभाग नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करेगा।












