Advertisement
Home राजस्थान चूरू महाराव शेखाजी स्त्री रक्षक, गौ सेवक और हिंदू-मुस्लिम एकता के प्रतीक थे:...

महाराव शेखाजी स्त्री रक्षक, गौ सेवक और हिंदू-मुस्लिम एकता के प्रतीक थे: डॉ. अमरसिंह शेखावत

चूरू के श्री करणी माताजी मंदिर सभागार में महाराव शेखाजी की 593वीं जयंती समारोह के दौरान पुष्पांजलि और दशहरे पर शस्त्र पूजन करते अतिथि

चूरू में महाराव शेखाजी की 593वीं जयंती समारोहपूर्वक मनाई, दशहरे पर हुआ शस्त्र पूजन; युवाओं से आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान

चूरू। महाराव शेखाजी संस्थान के तत्वावधान में शेखावाटी के संस्थापक युगपुरुष महाराव शेखाजी की 593वीं जयंती शेखावत कॉलोनी स्थित श्री करणी माताजी मंदिर के सभागार में समारोहपूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के अध्यक्ष डॉ. अमरसिंह शेखावत ने की। समारोह में महाराव शेखाजी को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई तथा दशहरे के अवसर पर शस्त्र पूजन किया गया।

कार्यक्रम का संचालन करते हुए एडवोकेट हेमसिंह शेखावत ने अतिथियों एवं उपस्थितजनों का स्वागत किया। इसके बाद अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित किया और महाराव शेखाजी को पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान महाराव शेखाजी एवं बणीर जी को श्रद्धांजलि दी गई।

युवाओं से आदर्शों को अपनाने का आह्वान

समारोह की अध्यक्षता करते हुए डॉ. अमरसिंह शेखावत ने कहा कि महाराव शेखाजी स्त्री रक्षक, गौ सेवक और हिंदू-मुस्लिम एकता के प्रतीक थे। उनके आदर्श और जीवन मूल्य आज भी प्रासंगिक हैं। वर्तमान समय में उनके विचारों को जीवन में आत्मसात करने की आवश्यकता है। उन्होंने युवाओं से महाराव शेखाजी के आदर्शों और विचारों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

समारोह के मुख्य अतिथि वरिष्ठ सर्जन डॉ. शंकर सिंह गौड़ ने कहा कि बच्चों को सुसंस्कारित बनाना और उनमें आदर्श मूल्य विकसित करना आवश्यक है। उन्होंने समाज और देश की सेवा के लिए समर्पित भाव से कार्य करने की बात कही। डॉ. लखूसिंह शेखावत ने महाराव शेखाजी के आदर्श जीवन और व्यक्तित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।

अतिथियों का किया स्वागत

समारोह में जयसिंह ख्याली, इंद्र सिंह खारा दूधवा और रतन सिंह शेखावत मंचस्थ रहे। अतिथियों का कप्तान मदनसिंह, गुलाब सिंह और उत्तम सिंह ने माल्यार्पण कर स्वागत किया। कार्यक्रम संयोजक रतनसिंह ख्याली ने सभी का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर विजेंद्र सिंह, लादूसिंह, जगमाल सिंह, हरिसिंह, भागीरथ सिंह, सूरजभान सिंह, भरत सिंह, राजेंद्र सिंह, महेश सिंह, शंकर सिंह, सुमेर सिंह और सूर्यदेव सिंह सहित अनेक गणमान्यजन एवं करणी माता युवा सेवा समिति के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। समारोह में शेखावत कॉलोनी के संस्थापक एवं समाजसेवी स्वर्गीय ज्ञान सिंह ख्याली का स्मरण कर उन्हें श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई।

Advertisement