पीएमश्री विद्यालयों की शिक्षिकाओं के सात दिवसीय जिला स्तरीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का समापन, विद्यालयों में छात्राओं को सिखाए जाएंगे आत्मरक्षा के गुर

चूरू। पीएमश्री विद्यालयों की शिक्षिकाओं के लिए आयोजित सात दिवसीय जिला स्तरीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का समापन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी चूरू संतोष कुमार महर्षि ने कहा कि वर्तमान समय में महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हैं। आत्मरक्षा का प्रशिक्षण महिलाओं और छात्राओं को विपरीत परिस्थितियों का सामना करने के लिए सक्षम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
महर्षि ने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली शिक्षिकाएं अपने-अपने विद्यालयों में छात्राओं को मेहनत और लगन के साथ आत्मरक्षा के गुर सिखाएंगी। इससे छात्राओं में आत्मविश्वास और निडरता का भाव विकसित होगा तथा वे आवश्यकता पड़ने पर अपनी सुरक्षा के लिए उचित कदम उठा सकेंगी।
उन्होंने आत्मरक्षा के लिए 5ए के सिद्धांत—अवेयरनेस, अवॉइडेंस सहित अन्य पहलुओं के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने शिक्षिकाओं से प्रशिक्षण के दौरान सीखी गई तकनीकों और सुरक्षा संबंधी जानकारियों को छात्राओं तक पहुंचाने का आह्वान किया।
सात दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में पीएमश्री विद्यालयों की शिक्षिकाओं को आत्मरक्षा से संबंधित आवश्यक जानकारियां और तकनीकें सिखाई गईं। प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यालयों में छात्राओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक करना और उनमें आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करना रहा।
समापन अवसर पर प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली शिक्षिकाओं को अपने विद्यालयों में छात्राओं के साथ प्रशिक्षण के अनुभव साझा करने तथा नियमित अभ्यास के माध्यम से उन्हें आत्मरक्षा के लिए प्रोत्साहित करने की बात कही गई।











