सिंघाना पुलिस और डीएसटी की संयुक्त कार्रवाई , हथियारों के साथ पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में सामने आया नाम , सोशल मीडिया पर हथियारों की रील वायरल कर फैलाता था दहशत

खेतड़ी । झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
झुंझुनूं जिले में आगामी पंचायतीराज चुनावों के मद्देनजर पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। सिंघाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार बदमाश कपिल पंडित के सहयोगी मनोज कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, कपिल पंडित और उसके साथी झुंझुनूं में बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। गिरफ्तार मनोज कुमार सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो और वीडियो वायरल कर लोगों में दहशत फैलाने का काम करता था।
पुलिस अब आरोपी से हथियारों के संबंध में गहनता से पूछताछ कर रही है। सिंघाना थानाधिकारी सुगन सिंह ने बताया कि आगामी पंचायतीराज चुनावों को देखते हुए वांछित अपराधियों की धरपकड़, बदमाशों की निगरानी और अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत रविवार को सिंघाना पुलिस और डीएसटी की टीम ने सिंघाना थाना क्षेत्र में ईशकपुरा से ढाणा जाने वाले रास्ते पर दबिश दी थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कपिल उर्फ कपिल पंडित पुत्र हरिराम निवासी बाय तथा मनीष पंडित पुत्र गोपाल प्रसाद निवासी इकलेहरा, जिला डीग को हथियारों सहित गिरफ्तार किया था।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से गहनता से पूछताछ करने पर उनके साथी मनोज कुमार निवासी बाडलवास के बारे में जानकारी मिली। सामने आया कि मनोज सोशल मीडिया पर हथियार चलाते हुए रील बनाकर वायरल करता है और इस माध्यम से आमजन में दहशत फैलाता है। इसके बाद पुलिस ने मनोज कुमार की तलाश कर उसे गिरफ्तार कर लिया। थानाधिकारी सुगन सिंह ने बताया कि गिरफ्तार मनोज कुमार, कपिल पंडित का सक्रिय साथी है।
आरोपी सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो और वीडियो वायरल करता था। पुलिस अब आरोपी से हथियारों की उपलब्धता और उनसे जुड़े अन्य पहलुओं के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस की इस कार्रवाई को चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के प्रयासों के तहत देखा जा रहा है। कार्रवाई करने वाली टीम में सिंघाना थानाधिकारी सुगन सिंह, डीएसटी प्रभारी हेमराज मीणा, एएसआई शशिकांत शर्मा, हेड कांस्टेबल सुरेश कुमार, हरीश कुमार, जितेंद्र थाकन तथा कांस्टेबल अमित कुमार, अंकित कुमार, भरतलाल, अभिषेक पाठक, संदीप कुमार और कुलदीप सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।














