Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं सड़क हादसे के मामले में 9 साल से फरार स्थाई वारंटी गिरफ्तार

सड़क हादसे के मामले में 9 साल से फरार स्थाई वारंटी गिरफ्तार

झुंझुनूं सदर थाना पुलिस द्वारा वर्ष 2017 के सड़क हादसे के मामले में स्थाई वारंटी की गिरफ्तारी

सदर थाना पुलिस की कार्रवाई , वर्ष 2017 में ऊंटगाड़े को ट्रैक्टर ने मारी थी टक्कर , हादसे में एक व्यक्ति की हुई थी मौत

झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
सदर थाना पुलिस ने सड़क हादसे के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे स्थाई वारंटी लालचन्द को गिरफ्तार किया है। आरोपी वर्ष 2017 के दुर्घटना प्रकरण में वांछित था। उसके खिलाफ न्यायालय से स्थाई गिरफ्तारी वारंट जारी था। सदर थाना पुलिस की गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा वृत्ताधिकारी झुंझुनूं शहर गोपाल सिंह ढाका के सुपरविजन में थानाधिकारी बिमला बुडानिया के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार , 11 मार्च 2017 को रात करीब 8:15 बजे ओंकारमल पुत्र गोरूराम निवासी अजाड़ी खुर्द गांव से अपने खेत की ओर ऊंटगाड़े से जा रहे थे। इसी दौरान गलत दिशा से आए बिना नंबर के ट्रैक्टर ने ऊंटगाड़े को टक्कर मार दी। हादसे में ओंकारमल की मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद हरचन्द निवासी बासड़ी घायल हो गए। रिपोर्ट के अनुसार, ट्रैक्टर चालक लापरवाही से वाहन चलाते हुए टक्कर मारने के बाद मौके से फरार हो गया था। इस संबंध में सदर थाना पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 279 , 337 व 304 तथा मोटर वाहन अधिनियम की धारा 177 और 134/187 के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान किया। अनुसंधान के बाद आरोपी के खिलाफ न्यायालय में चालान पेश किया गया था। मामले में न्यायालय की ओर से जारी स्थाई गिरफ्तारी वारंट की पालना में पुलिस ने लालचन्द पुत्र महेन्द्र निवासी खतेहपुरा, थाना सदर झुंझुनूं को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई करने वाली टीम में सदर थानाधिकारी बिमला बुडानिया, सहायक उपनिरीक्षक मोहनलाल, कांस्टेबल शिम्भुदयाल तथा चालक कांस्टेबल राकेश शामिल रहे। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक मोहनलाल का विशेष योगदान रहा।

Advertisement