शिवगंज थाने के बाहर साधु-संतों और आमजन का प्रदर्शन जारी, कार्रवाई की मांग; पुलिस बल तैनात
सिरोही। प्रहलाद सिंह चारण
जिले के शिवगंज स्थित कम्बेश्वर मंदिर में संत त्रिवेणीगिरी की संदिग्ध मौत का मामला लगातार गरमाता जा रहा है। मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर साधु-संतों की ओर से शिवगंज पुलिस थाने के बाहर धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है। रविवार को पूर्व विधायक संयम लोढ़ा भी अपने समर्थकों के साथ धरने में शामिल हुए।
साधु-संतों के समर्थन में उतरी कांग्रेस
शिवगंज थाने के बाहर बड़ी संख्या में साधु-संत और आमजन जुटे हुए हैं। संत त्रिवेणीगिरी की मौत के मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शनकारी धरने पर बैठे हैं। वहीं, साधु-संतों के समर्थन में शिवगंज कांग्रेस के कार्यकर्ता भी सड़क पर उतर आए हैं।धरने के चलते क्षेत्र में मामले को लेकर चर्चाओं का माहौल बना हुआ है। प्रदर्शनकारियों की ओर से मामले में उचित कार्रवाई की मांग की जा रही है।
थाने के बाहर पुलिस बल तैनात
प्रदर्शन को देखते हुए शिवगंज थाने के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। थाने के बाहर बैरिकेडिंग कर लोगों को अंदर जाने से रोका जा रहा है। संत की संदिग्ध मौत के मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर धरना जारी है।












