दो चरणों में बंद रहेंगे संबंधित नगरीय क्षेत्र, 9 सितंबर को झुंझुनूं सहित 9 निकायों में छुट्टी, 11 सितंबर को 10 निकायों में रहेगा अवकाश
झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 में अधिक से अधिक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने मतदान दिवस पर संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग ने दो चरणों में होने वाले मतदान को देखते हुए अवकाश के आदेश जारी किए हैं। प्रथम चरण में 9 सितंबर (बुधवार) को मतदान होगा। इस दिन नगर परिषद झुंझुनूं के अलावा नगर पालिका बगड़, सुल्ताना, नवलगढ़, जाखल, मुकुंदगढ़, डूंडलोद, खेतड़ी और उदयपुरवाटी के संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में सार्वजनिक अवकाश रहेगा। द्वितीय चरण का मतदान 11 सितंबर (शुक्रवार) को होगा। इस दिन नगर पालिका पिलानी, चिड़ावा, मंड्रेला, विद्याविहार, सूरजगढ़, सिंघाना, बुहाना, मंडावा, बिसाऊ और मलसीसर के मतदान वाले निर्वाचन क्षेत्रों में सार्वजनिक अवकाश रहेगा। जिला प्रशासन के इस निर्णय से संबंधित नगरीय निकाय क्षेत्रों में मतदाताओं को मतदान के लिए समय मिल सकेगा। प्रशासन का उद्देश्य मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के साथ अधिक से अधिक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करना है। निर्वाचन विभाग की ओर से मतदाताओं से अपील की गई है कि वे मतदान दिवस पर अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग ने बताया कि मतदान दिवस पर अवकाश केवल संबंधित मतदान वाले नगरीय निकायों के निर्वाचन क्षेत्रों में ही प्रभावी रहेगा।














