हनुमानगढ़। हिमांशु मिड्ढा
महिलाओं को खेलों में आगे बढ़ाने और उन्हें प्रतिस्पर्धी मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई अस्मिता खेलो इंडिया वुशू वूमेन लीग का आयोजन 29 अगस्त को हनुमानगढ़ में होगा।
राजीव गांधी स्टेडियम, हनुमानगढ़ में होने वाली इस प्रतियोगिता में जिले की 200 से अधिक महिला खिलाड़ी हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता में सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग की खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। अस्मिता खेलो इंडिया वूमेन लीग का उद्देश्य महिला खिलाड़ियों को नियमित रूप से प्रतियोगिताओं का मंच उपलब्ध कराना है। इसका लक्ष्य उनकी प्रतिभा को निखारना है। उन्हें राज्य व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है।वुशू जैसे मार्शल आर्ट खेल में महिला खिलाड़ियों की भागीदारी बढ़ाने पर भी इस लीग में जोर दिया जा रहा है। जिला वुशू संघ के अध्यक्ष देवेन्द्र अग्रवाल ने बताया कि प्रतियोगिता में 6 से 40 वर्ष तक की महिलाएं भाग लेंगी। शनिवार सुबह 9 बजे से वुशू के मुकाबले शुरू होंगे। अलग-अलग आयु वर्ग और श्रेणियों में खिलाड़ी मुकाबले करेंगी। वुशू कोच शंकर सिंह नरूका ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों में खासा उत्साह है। बड़ी संख्या में महिला खिलाड़ियों के शामिल होने से जिले में वुशू को नई पहचान मिलेगी। प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर भी मिलेगा। प्रतियोगिता में प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों के लिए यह आगे की बड़ी प्रतियोगिताओं की तैयारी का भी महत्वपूर्ण मंच होगा।
Advertisement













