Advertisement
Home राजस्थान चूरू पुलिस लाइन गेट पर शराब के नशे में हंगामा, राहगीरों से गाली-गलौज...

पुलिस लाइन गेट पर शराब के नशे में हंगामा, राहगीरों से गाली-गलौज का आरोप; युवक गिरफ्तार

लोगों से अभद्रता और मारपीट पर उतारू होने की सूचना पर पहुंची पुलिस; समझाइश के बावजूद नहीं माना, पुलिसकर्मियों को भी धमकाने का आरोप

ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK  YOUTUBE 

चूरू। शहर के पुलिस लाइन गेट के पास सार्वजनिक स्थान पर कथित रूप से शराब के नशे में हंगामा करने और राहगीरों से गाली-गलौज व धमकी देने के मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने एक व्यक्ति को शांति भंग की आशंका में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत कार्रवाई करते हुए उसे एसडीएम कोर्ट में पेश किया।पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान देवकरण जाट निवासी थालोड़ी, थाना दूधवाखारा के रूप में हुई है। घटना 23 अगस्त की बताई गई है।

पुलिस कंट्रोल रूम से मिली सूचना

कोतवाली पुलिस के अनुसार गश्त के दौरान पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि पुलिस लाइन गेट के पास एक व्यक्ति लड़ाई-झगड़ा कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।पुलिस के मुताबिक वहां आरोपी शराब के नशे में धुत होकर राहगीरों के साथ गाली-गलौज और कथित रूप से धमकी देता मिला। इस दौरान पीथिसर निवासी रफीक ने पुलिस को लिखित शिकायत भी दी।

समझाने पर भी नहीं माना

पुलिस का कहना है कि आरोपी आने-जाने वाले लोगों से अभद्र व्यवहार करते हुए मारपीट पर उतारू था। पुलिसकर्मियों ने उसे समझाकर शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन वह कथित तौर पर नहीं माना और पुलिसकर्मियों के साथ भी अभद्र व्यवहार करते हुए धमकी देने लगा।स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने आरोपी को काबू कर गिरफ्तार कर लिया। बाद में उसे BNSS की धारा 170 के तहत एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया।

Advertisement