ककराय में अलमारी समेत कई जगहों के ताले टूटे, घर लौटने पर बिखरा मिला सामान; अनिल कुमार ने थाने में दी रिपोर्ट
ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE



खेतड़ी। झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
खेतड़ी थाना क्षेत्र के ककराय गांव में चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए ताले तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और करीब 60 हजार रूपए की नकदी चोरी कर ली। परिवार के सदस्य गुरूग्राम गए हुए थे। रविवार को घर लौटने पर मकान के अंदर सामान अस्त-व्यस्त मिला और ताले टूटे देखकर चोरी की वारदात का पता चला। घटना के बाद ग्रामीणों में चिंता का माहौल है। ककराय निवासी अनिल कुमार ने खेतड़ी थाने में दी रिपोर्ट में बताया कि वह अपने परिवार के साथ गुरूग्राम गए हुए थे। रविवार को परिवार के सदस्य सुबह करीब 10 से 11 बजे घर पहुंचे। मकान के अंदर प्रवेश करते ही कमरों में सामान बिखरा हुआ दिखाई दिया। जांच करने पर अलमारी सहित अन्य स्थानों पर लगे ताले टूटे मिले। पीड़ित के अनुसार अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण और करीब 60 हजार रूपए की नकदी गायब थी। चोरी हुए सामान में चांदी की पायजेब, सोने के आभूषण, कानों के आभूषण सहित अन्य जेवरात शामिल बताए गए हैं। चोरी का पता चलते ही परिवार ने आसपास के लोगों को सूचना दी और पुलिस को घटना की जानकारी देकर लिखित शिकायत सौंपी। अनिल कुमार ने पुलिस से चोरी की वारदात की जांच कर अज्ञात चोरों का पता लगाने तथा चोरी हुए जेवरात और नकदी बरामद कराने की मांग की है। वहीं घटना के बाद ग्रामीणों ने क्षेत्र में बढ़ती चोरी की आशंका को लेकर पुलिस से गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने की मांग की है। थानाधिकारी बुद्धि प्रसाद ने बताया कि पीड़ित की ओर से दी गई शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस चोरी की घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने के साथ अज्ञात आरोपियों का पता लगाने के प्रयास कर रही है।













