झुंझुनूं की 19 निकायों में अब दो चरणों में होगा मतदान, 9 सितंबर को 9 और 11 सितंबर को 10 निकायों में वोटिंग
ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE


झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
भादवा अमावस्या के दौरान जिले में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ और मंदिरों में होने वाली वार्षिक पूजा-अर्चना को देखते हुए राज्य निर्वाचन आयोग ने झुंझुनूं जिले की 19 नगरीय निकायों में होने वाले मतदान के चरणों में बदलाव को मंजूरी दे दी है। अब जिले में नगरीय निकाय चुनाव का मतदान 9 और 11 सितंबर को दो चरणों में कराया जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजेश वर्मा की ओर से जारी आदेश के अनुसार पहले निर्धारित मतदान कार्यक्रम में परिवर्तन किया गया है। जिले के विभिन्न मंदिरों में 10 और 11 सितंबर को भादवा अमावस्या की वार्षिक पूजा-अर्चना आयोजित होने के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के झुंझुनूं पहुंचने की संभावना है। ऐसे में कानून-व्यवस्था एवं मतदान व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए मतदान चरणों में बदलाव किया गया है।
9 सितंबर को इन 9 निकायों में मतदान
पहले चरण में 9 सितंबर को नगर परिषद झुंझुनूं सहित नगर पालिका बगड़, सुल्ताना, नवलगढ़, जाखल, मुकुंदगढ़, डूंडलोद, खेतड़ी और उदयपुरवाटी में मतदान कराया जाएगा।
11 सितंबर को इन 10 निकायों में वोटिंग
दूसरे चरण में 11 सितंबर को नगर पालिका पिलानी, चिड़ावा, मंड्रेला, विद्याविहार, सूरजगढ़, सिंघाना, बुहाना, मंडावा, बिसाऊ और मलसीसर में मतदान होगा।श्रद्धालुओं की भीड़ और पुलिस जाप्ते को देखते हुए लिया निर्णय – प्रशासन के अनुसार भादवा अमावस्या पर जिले के विभिन्न धार्मिक स्थलों पर देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। वार्षिक पूजा-अर्चना एवं धार्मिक आयोजनों के दौरान मंदिर परिसरों और आसपास के क्षेत्रों में बड़े स्तर पर पुलिस जाप्ता तैनात किया जाता है। वहीं, मंदिरों के आसपास स्थित कई भवनों में नगरीय निकाय चुनाव के मतदान केंद्र भी बनाए गए हैं। ऐसे में एक ही समय पर धार्मिक आयोजन और मतदान होने से पुलिस बल की उपलब्धता, यातायात व्यवस्था, कानून-व्यवस्था तथा मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन के सामने चुनौती उत्पन्न हो सकती थी। इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन झुंझुनूं ने मतदान के चरणों में बदलाव का प्रस्ताव राज्य निर्वाचन आयोग को भेजा था। राज्य निर्वाचन आयोग ने जिला प्रशासन के प्रस्ताव पर विचार करते हुए इसे स्वीकृति प्रदान कर दी। इसके साथ ही अब झुंझुनूं जिले की सभी 19 नगरीय निकायों के मतदान की तारीखें नए कार्यक्रम के अनुसार निर्धारित हो गई हैं।
चूरू में 26 अगस्त को निकलेगा जुलूस-ए-मोहम्मदी | अमन-चैन और भाईचारे का देगा संदेश | Churu News







