साप्ताहिक समीक्षा बैठक में योजनाओं की प्रगति पर मंथन, हरियालो राजस्थान, खाद-उर्वरक, स्कूल सुरक्षा और निकाय चुनाव तैयारियों की समीक्षा
ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE


झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में जिले में संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं, जनसमस्याओं, लंबित विकास कार्यों तथा आगामी गतिविधियों की विभागवार समीक्षा की गई। जिला कलेक्टर अरूण गर्ग ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं हो और सभी विभाग निर्धारित समयसीमा में कार्यों का निस्तारण सुनिश्चित करें।बैठक में संपर्क पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का नियमित रूप से फॉलोअप करते हुए उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि पोर्टल पर दर्ज शिकायतें सीधे आमजन की समस्याओं से जुड़ी हैं, इसलिए इनके निस्तारण में लापरवाही नहीं होनी चाहिए। हरियालो राजस्थान अभियान की समीक्षा के दौरान जिले को मिले पौधारोपण लक्ष्य को निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए गए। साथ ही लगाए गए पौधों की जियो टैगिंग की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने को कहा गया। बैठक में कर्मभूमि से मातृभूमि, पंच गौरव तथा ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिला कलेक्टर अरूण गर्ग ने सांसद एवं विधायक निधि से स्वीकृत लेकिन लंबित विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए निर्धारित समय में पूरा कराया जाए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की नियमित निगरानी करने को भी कहा।बैठक में कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान जिला कलेक्टर ने जिले में खाद एवं उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। वहीं शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान मानसून के दौरान विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। उन्होंने विद्यालय भवनों एवं परिसर में आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच तथा किसी भी संभावित जोखिम की स्थिति में समय रहते एहतियाती कदम उठाने को कहा। बैठक में आगामी नगर निकाय चुनावों को लेकर की जा रही तैयारियों की भी समीक्षा की गई। जिला कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन कार्यों से जुड़े सभी आवश्यक प्रबंध समयबद्ध रूप से पूरे करने तथा चुनाव प्रक्रिया के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर अजय कुमार आर्य, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी परशुराम धानका, जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता राजपाल सिंह, पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता हजारी राम, एसीईओ रामनिवास, सीएमएचओ डॉ. छोटेलाल गुर्जर, नगर परिषद आयुक्त राकेश कुमार , प्रशासनिक सुधार विभाग की सहायक निदेशक शिवा चौधरी, महिला एवं बाल विकास विभाग के उपनिदेशक बृजेंद्र राठौड़, जिला रसद अधिकारी संदीप गौड़, उद्यान विभाग के उपनिदेशक डॉ. विजयपाल कस्वा, कोषाधिकारी प्रेरणा कालेर, डीईओ माध्यमिक राजेंद्र, डीईओ प्रारंभिक संतोष सोहू, शिक्षा विभाग के सहायक निदेशक कपिल कुल्हरी, सूचना प्रौद्योगिकी विभाग की संयुक्त निदेशक अनीता, पर्यटन विभाग के उपनिदेशक देवेंद्र चौधरी, जिला खेल अधिकारी राजेश ओला, आयुर्वेद विभाग के उपनिदेशक डॉ. अश्विनी कुमार, उप क्षेत्रीय रोजगार कार्यालय के सहायक निदेशक दयानंद यादव सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।













