Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं सीएमएचओ डॉ. छोटेलाल गुर्जर की अपील: ‘पांच साल तक का कोई भी...

सीएमएचओ डॉ. छोटेलाल गुर्जर की अपील: ‘पांच साल तक का कोई भी बच्चा पोलियो की दो बूंद से वंचित नहीं रहे’

झुंझुनूं नगर निकाय चुनाव 2026 में मतदान को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी की अपील

राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के लिए जिले में व्यापक तैयारियां पूरी, 1.66 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी जीवनरक्षक खुराक

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान-2026 को लेकर जिले में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. छोटेलाल गुर्जर ने बताया कि अभियान का उद्देश्य जिले के 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे तक पोलियो की जीवनरक्षक दो बूंद पहुंचाना है। इसके लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने बूथ प्रबंधन, ट्रांजिट टीमों, सुपरविजन और घर-घर सर्वे तक का विस्तृत माइक्रो प्लान तैयार कर लिया है। डॉ. गुर्जर ने बताया कि अभियान के तहत जिले के 1 लाख 66 हजार 38 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इनमें 36 हजार 528 शहरी तथा 1 लाख 29 हजार 510 ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे शामिल हैं। अभियान के पहले दिन जिलेभर में 1,551 पोलियो बूथ संचालित किए जाएंगे, जिनमें 252 शहरी और 1,299 ग्रामीण बूथ शामिल हैं। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे, इसके लिए 6 रेलवे स्टेशनों और 20 बस स्टैंडों पर विशेष ट्रांजिट टीमें तैनात की जाएंगी। जिले को 109 सेक्टरों में विभाजित कर अभियान की प्रभावी निगरानी की व्यवस्था की गई है। सीएमएचओ डॉ. गुर्जर ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए 301 सुपरवाइजर, 6,204 वैक्सीनेटर तथा 78 वैक्सीन डिपो बनाए गए हैं। वहीं, दूसरे और तीसरे दिन घर-घर सर्वे कर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने के लिए 1,551 टीमों को पुनर्गठित कर 3,102 टीमें बनाई जाएंगी। प्रत्येक टीम करीब 123 घरों तक पहुंचेगी और प्रतिदिन 62 से 65 घरों का भ्रमण करते हुए औसतन 107 बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। डॉ. गुर्जर ने बताया कि इस राष्ट्रीय अभियान में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के साथ शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, आयुर्वेद विभाग, पशुपालन विभाग, नेहरू युवा केंद्र, स्काउट-गाइड, एनसीसी, विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाएं, मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग होम, महिला स्वयं सहायता समूह, रोटरी क्लब तथा लायंस क्लब भी सक्रिय भागीदारी निभाएंगे। अंत में सीएमएचओ डॉ. छोटेलाल गुर्जर ने जिले के सभी अभिभावकों से भावनात्मक अपील करते हुए कहा कि “पोलियो से बचाव का एकमात्र प्रभावी उपाय समय पर पोलियो की दो बूंद है। इसलिए अपने पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को यह खुराक अवश्य पिलाएं और राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं।” उन्होंने कहा कि एक भी बच्चा छूटा, तो पोलियो से सुरक्षा की कड़ी कमजोर पड़ सकती है, इसलिए हर परिवार का सहयोग बेहद आवश्यक है।

Advertisement