Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं ट्रक से बचने के प्रयास में डिवाइडर पर चढ़ी कार पलटी, चार...

ट्रक से बचने के प्रयास में डिवाइडर पर चढ़ी कार पलटी, चार वाहन भिड़े

बलवंतपुरा रेलवे फाटक के पास बड़ा हादसा टला, महिला समेत तीन घायल; सीसीटीवी में कैद हुआ पूरा घटनाक्रम

नवलगढ़ । झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
कस्बे के बलवंतपुरा रेलवे फाटक के समीप मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। ट्रक से बचने के प्रयास में एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई और दूसरी लेन में पलट गई। इसके बाद पीछे से आ रही कार उससे टकरा गई तथा अनियंत्रित होकर आगे खड़े दो अन्य वाहनों से जा भिड़ी। इस दुर्घटना में कुल चार वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि एक महिला सहित तीन लोग मामूली रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार सुबह करीब 9:30 बजे झुंझुनूं की ओर से आ रही एक किया कार के सामने चैलासी की दिशा से अचानक एक ट्रक आ गया। टक्कर से बचने के लिए कार चालक ने वाहन को साइड में मोड़ने का प्रयास किया, लेकिन कार का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर पर चढ़ते हुए दूसरी लेन में पलट गई। इसी दौरान पीछे से आ रही एक अन्य कार पलटी हुई कार से जा टकराई। टक्कर का असर इतना तेज था कि दूसरी कार भी नियंत्रण खो बैठी और आगे खड़े दो वाहनों से जा भिड़ी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग सहायता के लिए दौड़ पड़े। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। दुर्घटना के चलते कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जल्द ही सुचारू करवा दिया।

सीसीटीवी फुटेज में दिखा हादसे का पूरा दृश्य

घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें किया कार का डिवाइडर पर चढ़ना, दूसरी लेन में पलटना और पीछे से आ रही कार का उससे टकराना स्पष्ट दिखाई दे रहा है। फुटेज ने हादसे की गंभीरता को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि उस समय सड़क पर यातायात अधिक होता तो दुर्घटना कहीं अधिक भयावह रूप ले सकती थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है।

Advertisement