Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं नारनौल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: साइबर ठगी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार

नारनौल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: साइबर ठगी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार

झुंझुनूं के पचेरी का आरोपी भी शामिल, 1.49 लाख रूपए कराए होल्ड, 50 हजार नकद बरामद

नारनौल। झुंझुनूं I अजीत जांगिड़
महेंद्रगढ़ जिले की सदर थाना नारनौल पुलिस ने साइबर ठगी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने तकनीकी जांच, बैंक ट्रांजैक्शन और साइबर साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए राजस्थान के झुंझुनूं जिले सहित दो आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी की राशि में से 50 हजार रूपए नकद भी बरामद किए हैं।।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नरेश निवासी निहालोठ, थाना पचेरी, जिला झुंझुनूं (राजस्थान) तथा गौरव निवासी सिलारपुर मेहता, थाना सदर नारनौल के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को 27 मई को गिरफ्तार किया गया। शिकायतकर्ता रविदत्त ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि दोपहर के समय साइबर ठगों ने उसके पंजाब नेशनल बैंक और एक्सिस बैंक खातों से ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के जरिए कुल 2 लाख रुपए उड़ा लिए। ठगों ने 50-50 हजार रुपए की चार अलग-अलग ट्रांजैक्शन कर दोनों खातों से एक-एक लाख रुपए निकाल लिए। घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाई, जिसके चलते पुलिस और साइबर टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए ठगी गई राशि में से 1 लाख 49 हजार 968 रुपए संबंधित बैंक खातों में होल्ड करवा दिए। समय रहते शिकायत दर्ज होने से बड़ी रकम सुरक्षित बचा ली गई। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने बैंक खातों का विवरण, ट्रांजैक्शन आईडी, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला। इसके बाद साइबर ठगी में शामिल दोनों आरोपियों तक पहुंच बनाई गई और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस टीम ने आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है। आशंका जताई जा रही है कि आरोपी अन्य साइबर ठगी मामलों में भी शामिल हो सकते हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी, संदिग्ध कॉल या ऑनलाइन फ्रॉड होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाएं, ताकि समय रहते रकम को होल्ड कर पीड़ित को राहत दिलाई जा सके।

Advertisement