सांतौर में सीमेंटेड सड़क के बीच खड़ा 11 केवी बिजली का पोल बना हादसे का खतरा

Screenshot

ग्रामीणों ने की बिजली विभाग से पोल हटाने की मांग

खेतड़ी I झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
पचेरीकलां के रायपुर अहिरान से सांतौर गांव स्थित शहीद नायब सूबेदार हरिराम सीनियर स्कूल तक बनाई जा रही सीमेंटेड सड़क के बीच खड़ा 11 केवी बिजली का पोल हादसे का कारण बन सकता है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से रास्ते में खड़े पोल को हटाने की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि विरोध के बावजूद सड़क निर्माण के दौरान बिजली पोल को हटाए बिना ही सीमेंटेड रोड बनाई जा रही है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों के अनुसार सड़क के बीच में 11 केवी का विद्युत पोल खड़ा होने से वाहनों को निकलने और वाहन मोड़ने में परेशानी हो रही है। रात के समय या तेज गति से आने वाले वाहनों के पोल से टकराने की आशंका बनी रहती है। यदि समय रहते इस ओर ध्यान नहीं दिया गया तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। अशोक यादव एडवोकेट ने बताया कि ग्रामवासियों द्वारा इस संबंध में विरोध भी जताया गया, लेकिन इसके बावजूद बिजली पोल को हटाए बिना सड़क निर्माण कार्य जारी रखा गया। उन्होंने कहा कि सड़क के बीच में विद्युत पोल रहना न केवल यातायात के लिए बाधा है, बल्कि यह जन सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से मांग की है कि सड़क के बीच खड़े 11 केवी बिजली पोल को तत्काल हटाकर सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया जाए, ताकि भविष्य में किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे उच्च अधिकारियों को अवगत कराते हुए आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।