छह जनों के खिलाफ मामला दर्ज, प्लाट के रास्ते को लेकर हुआ विवाद

खेतड़ी I झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
सिंघाना थाना क्षेत्र के डूमोली खुर्द गांव में रास्ते के विवाद को लेकर एक युवक के साथ अमानवीय तरीके से मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि प्लाट में रास्ता देने से मना करने पर कुछ लोगों ने युवक को पेड़ से बांध दिया और बेरहमी से पिटाई की। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को छुडवाकर अस्पताल में पहुंचाया। घटना बुधवार को होने की बात सामने आई है, घटना का एक विडियो भी सामने आया है। जानकारी के अनुसार डूमोली खुर्द गांव निवासी युवक राहुल कुमार पुत्र सतपाल दोपहर को अपने प्लाट पर उसके द्वारा लगाए गए पेड़ों में पानी दे रहा था। इस दौरान उसके पास परिवार का ही रोहिताश पहुंचा तथा पेड़ों में पानी देने से मना किया। इसके बाद उसने प्लाट के बीच से रास्ता निकालने की बात कही तो राहुल ने बीच से रास्ता देने से मना कर दिया। इस बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया तो रोहिताश पक्ष के प्रेम, इंद्रजीत, उदय सिंह , सरोज, कंचन मौके पर पहुंचे तथा उसके साथ मारपीट कर पेड़ से बांध दिया। बताया जा रहा है कि युवक करीब तीन घंटे तक पेड़ से बंधा रहा।
घटना की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे तथा उसके छुड़वाने का प्रयास किया तो उन्होंने गेट बंद कर लिया। इसके बाद परिजनों ने घटना की सूचना सिंघाना पुलिस को दी तो सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को आरोपियों के कब्जे से छुड़वाया। इस दौरान मारपीट में घायल राहुल को पहले सिंघाना के राजकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे झुंझुनूं जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में उसका उपचार जारी है। थानाधिकारी सुगन सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से राहुल की मां मंजू देवी की ओर से दी गई रिपोर्ट के आधार पर लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में लोगों में आक्रोश बना हुआ है।
रतनगढ़ फायरिंग मामले के दोनों आरोपी पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार | Churu News
चूरू कोर्ट परिसर में वरिष्ठ वकील से मारपीट, बार संघ में भारी रोष














