राष्ट्रीय लोक अदालत में न्याय का महाकुंभ

झुंझुनूं में 70,219 प्रकरणों का निस्तारण, समझाइश से बिखरे परिवार फिर जुड़े; 6.90 करोड़ रूपए की अवॉर्ड राशि पारित

झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
जिले में शनिवार को आयोजित वर्ष 2026 की द्वितीय राष्ट्रीय लोक अदालत आमजन के लिए राहत और त्वरित न्याय का बड़ा मंच बनकर सामने आई। ऑफलाइन एवं ऑनलाइन माध्यम से आयोजित इस लोक अदालत में रिकॉर्ड स्तर पर प्रकरणों का निस्तारण हुआ। जिलेभर में कुल 83,575 प्रकरण सुनवाई के लिए रखे गए, जिनमें से लगभग 70,219 मामलों का सफलतापूर्वक निस्तारण कर 6 करोड़ 90 लाख 59 हजार 714 रूपए की अवॉर्ड राशि पारित की गई। माननीय राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार एवं राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आयोजित इस राष्ट्रीय लोक अदालत का संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झुंझुनूं के अध्यक्ष एवं जिला एवं सेशन न्यायाधीश सुनील कुमार पांचोली के निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण डॉ. महेन्द्र के सिंह सोलंकी ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।डॉ. सोलंकी ने बताया कि मामलों की अधिक संख्या को देखते हुए जिलेभर में कुल 11 न्यायिक एवं राजस्व बैंचों का गठन किया गया। लोक अदालत में प्री-लिटिगेशन एवं लंबित मामलों को प्राथमिकता से शामिल किया गया। इनमें धारा 138 परक्राम्य विलेख अधिनियम, धन वसूली, वैवाहिक विवाद, मोटर दुर्घटना दावा प्रकरण, श्रम विवाद, किराया एवं सिविल प्रकरणों सहित राजस्व मामलों का निस्तारण किया गया।

65 हजार से अधिक प्री-लिटिगेशन प्रकरण निपटे

लोक अदालत में कुल 75,888 प्री-लिटिगेशन प्रकरण रखे गए, जिनमें से 65,831 मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। वहीं 7,687 लंबित प्रकरणों में से 4,388 मामलों का आपसी सहमति एवं समझाइश से निस्तारण हुआ।

समझाइश से फिर एक हुए परिवार

राष्ट्रीय लोक अदालत में कई पारिवारिक विवादों का सुखद अंत भी देखने को मिला। पारिवारिक न्यायालय झुंझुनूं में पूजा सोनी बनाम महेश सोनी तथा राहुल कुमार बनाम लक्ष्मी प्रकरणों में न्यायालय एवं लोक अदालत की समझाइश के बाद दोनों दंपतियों ने आपसी मनमुटाव भुलाकर पुनः साथ रहने का निर्णय लिया। बताया गया कि वर्षों से अलग रह रहे इन दंपतियों को लोक अदालत की पवित्र भावना के तहत समझाइश देकर राजीनामे के माध्यम से प्रकरणों का समाधान कराया गया। इस दौरान परिवारों के चेहरों पर खुशी लौटती नजर आई। राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए झुंझुनूं जिला मुख्यालय सहित खेतड़ी, चिड़ावा, पिलानी, उदयपुरवाटी, नवलगढ़, बुहाना एवं सूरजगढ़ में अलग-अलग बैंचों का गठन किया गया। इन बैंचों में न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लेकर आमजन को त्वरित एवं सुलभ न्याय उपलब्ध कराया। लोक अदालत में न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं, प्रशासनिक अधिकारियों एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी रही। पूरे दिन चले इस आयोजन में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और आपसी सहमति से अपने विवादों का समाधान कराया।

जब तक चुनाव जीतूंगा नहीं, तब तक चूरू छोड़ूंगा नहीं” — रफीक मंडेलिया का बड़ा बयान 🔥

ऑपरेशन नकेल: 500 ग्राम अफीम के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार, Churu Police Action

चूरू से महिला कांग्रेस का बड़ा अभियान, PM को भेजे जाएंगे 10 लाख पोस्टकार्ड