बैग की सिलाई में छिपाकर लाई गई 14 ग्राम चरस बरामद, पुलिस की मुस्तैदी से खुलासा
झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
जिला कारागृह में बंद एक कैदी तक अवैध मादक पदार्थ पहुंचाने की कोशिश को पुलिस और जेल प्रशासन की सतर्कता ने नाकाम कर दिया। इस मामले में हरियाणा निवासी आरोपी रोहित को गिरफ्तार किया गया है, जो मुलाकात के दौरान बैग की सिलाई में चरस छिपाकर अंदर पहुंचाने की फिराक में था।
पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत एवं वृताधिकारी गोपाल सिंह ढाका के सुपरविजन में थाना सदर प्रभारी मांगीलाल के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। घटना 1 अप्रैल 2026 की है, जब जिला कारागृह झुंझुनूं से सूचना मिली कि बंदी विकास पुत्र ओमवीर से मिलने आए रोहित पुत्र छाजूराम (निवासी सेहर, थाना लोहारू, जिला भिवानी हरियाणा) ने मुलाकात के बाद एक बैग जेल सुरक्षाकर्मियों को दिया। संदेह होने पर बैग की तलाशी ली गई, जिसमें सिलाई के अंदर छिपाकर रखा गया काला पदार्थ बरामद हुआ। जांच में यह चरस निकली, जिसका वजन 14 ग्राम पाया गया। जेल प्रशासन ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने चरस और बैग को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की और विभिन्न संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी। मुखबिर सूचना के आधार पर 23 अप्रैल 2026 को आरोपी रोहित को उसके गांव सेहर (जिला भिवानी, हरियाणा) से गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं। इस कार्रवाई में थाना सदर के थानाधिकारी मांगीलाल, एचसी सुभाषचंद्र, कांस्टेबल अजीत और शम्भूदयाल की विशेष भूमिका रही। जेल के भीतर मादक पदार्थ पहुंचाने की कोशिश का खुलासा होने के बाद पुलिस और जेल प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा करने के संकेत दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि ऐसे मामलों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।













