झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
विधायक राजेंद्र भांबू ने अलीपुर पंचायत में आयोजित विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण एवं नागरिक अभिनंदन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की। इस अवसर पर पंचायत क्षेत्र में पूर्ण हुए लगभग 84 लाख रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का विधायक द्वारा विधिवत लोकार्पण किया गया। अपने संबोधन में भांबू ने कहा कि गांवों का समग्र विकास राज्य सरकार की प्राथमिकता है तथा आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान विधायक राजेंद्र भाम्बू का झुंझुनूं विधानसभा का विधायक निर्वाचित होने के उपरांत पंचायत एवं ग्रामवासियों की ओर से भव्य स्वागत और सम्मान किया गया। अलीपुर गांव के आईपीएस राजेश सिंह भाम्बू के राजस्थान पुलिस में महानिरीक्षक (आईजी) पद पर पदोन्नत होने पर उनका सम्मान किया गया। इसके अतिरिक्त भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बनाए जाने पर विश्वंभर पूनियां का भी सम्मान किया गया। सम्मान की इसी शृंखला में राजकीय जिला बीडीके अस्पताल के पीएमओ बनने पर डॉ. जितेंद्र भांबू तथा अजमेर डिस्कॉम में एक्सईएन ग्रामीण के पद पर पदस्थापन होने पर प्रदीप भांबू का भी सम्मान किया गया। कार्यक्रम में सरपंच प्रतिनिधि अजीत भांबू, धर्मपाल भांबू, मुकेश पातुसरी, पीएचईडी की एसईएन निर्मला सैन, राजवीर सिंह, प्रिंसिपल सुरेंद्र भाम्बू, पटवारी मनोज भाम्बू, ग्राम विकास अधिकारी संदीप भाम्बू सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण एवं ग्रामवासियों के सहयोग से हुआ।
















