भाजपा की जनविरोधी नीतियों से सावधान रहने की युवाओं से अपील, आगामी पंचायती राज चुनावों में कांग्रेस की जीत का जताया भरोसा
चूरू । सैनिक बस्ती स्थित तेजा भवन में गुरुवार शाम कांग्रेस का युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष रफीक मंडेलिया का भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस समर्थक युवा शामिल हुए। इस दौरान रफीक मंडेलिया ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि भांजपा की जन और युवा विरोधी नीतियों से सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह देश को बांटने की राजनीति करती है और मुख्य मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने का कार्य कर रही है। मंडेलिया ने कहा कि कांग्रेस विचारधारा से जुड़े युवाओं को भाजपा की इन नीतियों का डटकर विरोध करना होगा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में अपनी पूरी ताकत लगानी होगी। उन्होंने कहा कि वे राजनीति में पैसा कमाने के लिए नहीं, बल्कि चूरू के विकास के लिए आए हैं। उन्होंने आगामी पंचायती राज और निकाय चुनावों का उल्लेख करते हुए विश्वास जताया कि कांग्रेस इन चुनावों में जिला प्रमुख और प्रधान पद पर जीत हासिल करेगी। मंडेलिया ने लोकसभा चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा से राहुल कस्वां की टिकट कटने के बाद चूरू जिले में सबसे पहले उन्होंने ही उनका समर्थन किया था और उनकी जीत का दावा किया था। उन्होंने युवाओं से राहुल गांधी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और कांग्रेस को मजबूत करने की अपील की।
कार्यक्रम के आयोजक एनएसयूआई के पूर्व अध्यक्ष हेमंत सिहाग ने रफीक मंडेलिया, इरशाद मंडेलिया, डॉ बी के चौधरी, पूर्व सभापति गोविंद महनसरिया, रक्षपाल सिहाग, रमजान खान, किशोर धांधू, असलम खोकर, मोहम्मद हुसैन निर्वाण, संजय भाटी, जमील चौहान, हर्ष लांबा आदि का साफा, शॉल और माला पहनाकर सम्मान किया। कार्यक्रम का संचालन जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष जमील चौहान ने किया।















