सिंघाना में आरएसएस स्वयंसेवकों ने दिया राष्ट्रभाव, सामाजिक एकजुटता, शांति और अहिंसा का संदेश
सिंघाना । झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को सिंघाना कस्बे में आरएसएस के पदाधिकारियों एवं स्वयंसेवकों की ओर से पथ संचलन निकाला गया। अनुशासन और एकरूपता के साथ कदमताल करते हुए निकले स्वयंसेवकों का कस्बे में जगह-जगह ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया।
पथ संचलन के माध्यम से समाज में संगठन, अनुशासन, शांति, अहिंसा और राष्ट्रभावना का संदेश दिया गया। पथ संचलन का शुभारंभ रविन्द्र एकेडमी स्कूल के खेल मैदान से हुआ। यहां से स्वयंसेवक कतारबद्ध होकर मुख्य बाजार, चूड़ी मार्केट, बुहाना मोड़, नारनौल मोड़ बाइपास सर्किल, चिड़ावा बाइपास और हरिदास मार्केट होते हुए वापस विद्यालय परिसर पहुंचे।
इस दौरान मार्ग में ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का अभिनंदन किया। आरएसएस के खंड कार्यवाह डॉ. संदीप गुर्जर ने संघ की कार्यप्रणाली और उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ व्यक्ति निर्माण के माध्यम से समाज और राष्ट्र को सशक्त बनाने के लिए कार्य करता है। संघ की शाखाओं में खेल, योग, वंदना और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से स्वयंसेवकों में अनुशासन, चरित्र निर्माण, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित की जाती है।
उन्होंने कहा कि हिंदू समाज की एकजुटता और संगठन की मजबूती राष्ट्र निर्माण के लिए आवश्यक है। संघ की शाखाओं के माध्यम से सामाजिक जागरूकता, जनहित और सेवा से जुड़े कार्य किए जाते हैं। उन्होंने स्वयंसेवकों से अपने कर्तव्यों का निष्ठा एवं अनुशासन के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया। पथ संचलन के समापन पर संघ की मान्यताओं के अनुरूप स्वयंसेवकों ने अपने कर्तव्यों और दायित्वों के निर्वहन की शपथ ली।
इस अवसर पर मेजर उम्मेदसिंह नालपुरिया, खंड कार्यवाह धर्मपाल, अरविंद कुमार, बालकिशन सोमरा, जेपी भारद्वाज, पवन चौधरी, दाताराम भाटी, मनोज फौजी, श्रवण कुमार, राजेंद्र पांडला, विक्रम सिंह, हंस, जयवीर, सुनील फिटकरी, मनीष पांडे और पवन डैला सहित अनेक पदाधिकारी, स्वयंसेवक एवं ग्रामीण मौजूद रहे।


















