सीएसआर मद से मिलेगा धरोहरों के संरक्षण और जीर्णोद्धार को बढ़ावा, स्वामी विवेकानंद और राजा अजीत सिंह की ऐतिहासिक मित्रता से जुड़ी विरासत को सहेजने की पहल
खेतड़ी। झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
शेखावाटी की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने की दिशा में हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड (एचसीएल) ने महत्वपूर्ण पहल की है। खेतड़ी की ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए एचसीएल की ओर से रामकृष्ण मिशन आश्रम को 11 लाख 35 हजार रूपए की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। इस राशि से मिशन परिसर में स्थित ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण और जीर्णोद्धार के कार्य करवाए जाएंगे।
रामकृष्ण मिशन आश्रम स्थित अजीत विवेक राष्ट्रीय संग्रहालय परिसर के ओपन थिएटर में आयोजित कार्यक्रम में हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड के कार्यपालक निदेशक एवं इकाई प्रमुख पीडी बोहरा ने आश्रम के सचिव स्वामी आत्मनिष्ठानंद महाराज को 11 लाख 35 हजार रूपए का चेक सौंपा। यह आर्थिक सहयोग एचसीएल की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) योजना के तहत दिया गया है।
इस अवसर पर स्वामी आत्मनिष्ठानंद महाराज ने कहा कि रामकृष्ण मिशन खेतड़ी की ऐतिहासिक पहचान और आध्यात्मिक विरासत को संजोने के साथ ही स्वामी विवेकानंद एवं खेतड़ी के तत्कालीन शासक राजा अजीत सिंह की ऐतिहासिक मित्रता के प्रसंगों को पीढ़ी-दर-पीढ़ी जीवंत बनाए रखने का कार्य कर रहा है। मिशन का प्रयास केवल ऐतिहासिक धरोहरों का संरक्षण करना ही नहीं, बल्कि स्वामी विवेकानंद के विचारों और आदर्शों को सामाजिक सेवा के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाना भी है।
उन्होंने बताया कि रामकृष्ण मिशन की ओर से ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सिलाई प्रशिक्षण दिया जा रहा है। वहीं, कंप्यूटर सेंटर के माध्यम से बालक-बालिकाओं को तकनीकी शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित कर उन्हें आधुनिक दौर की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार किया जा रहा है। स्वामी आत्मनिष्ठानंद महाराज ने कहा कि खेतड़ी में रियासतकालीन अनेक ऐतिहासिक धरोहरें मौजूद हैं, जो क्षेत्र की गौरवशाली परंपरा और सांस्कृतिक पहचान की प्रतीक हैं।
इनका समय रहते संरक्षण और जीर्णोद्धार बेहद जरूरी है, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी इस ऐतिहासिक विरासत से परिचित हो सकें और इससे प्रेरणा ले सकें। कार्यक्रम में स्वामी तारकानंद, एचसीएल के उप महाप्रबंधक (प्रशासन) विपिन शर्मा, सहायक महाप्रबंधक (मानव संसाधन) कमलेश कुमार, सहायक महाप्रबंधक (गवेषणा) नागेश राजपुरोहित तथा वरिष्ठ प्रबंधक (सीएसआर) घनश्याम दास सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


















