Advertisement
Home राजस्थान हनुमानगढ वार्ड 10 में वाटर वर्क्स की सफाई और सड़क निर्माण के श्रेय...

वार्ड 10 में वाटर वर्क्स की सफाई और सड़क निर्माण के श्रेय को लेकर भाजपा नेता व नगरपरिषद बोर्ड आमने-सामने

हनुमानगढ़ के वार्ड 10 स्थित वाटर वर्क्स परिसर में सफाई कार्य का जायजा लेते भाजपा नेता और नगरपरिषद के जनप्रतिनिधि

भाजपा नेता पारितोष सारस्वत ने अमित चौधरी के प्रयासों को बताया सफाई कार्य का आधार, सभापति मंजू रणवां और पार्षद नवीन बाकोलिया ने नगरपरिषद के प्रयासों का किया उल्लेख; 52 लाख रुपए से बनेगी मुख्य सड़क

हनुमानगढ़।हिमांशु मिड्ढा
राजस्थान में भाजपा की सरकार और हनुमानगढ़ नगरपरिषद में निर्दलीय बोर्ड के गठन के बाद से शहर की राजनीति में अलग तरह की खींचतान देखने को मिल रही है। पंचायत चुनाव के दौरान कुछ समय तक शांत रही राजनीतिक गतिविधियां अब फिर तेज हो गई हैं। ताजा मामला वार्ड संख्या 10 स्थित वाटर वर्क्स परिसर की सफाई और मुख्य सड़क निर्माण से जुड़ा है। इन विकास कार्यों को लेकर भाजपा नेता और नगरपरिषद बोर्ड के जनप्रतिनिधि आमने-सामने आ गए हैं। दोनों पक्षों ने कार्यों को लेकर अपने-अपने प्रयासों का उल्लेख किया है।

मामले की शुरुआत वार्ड 10 स्थित वाटर वर्क्स परिसर की सफाई और कुएं वाले कमरे पर गेट लगाने से हुई। भाजपा प्रत्याशी रहे पारितोष सारस्वत ने बताया कि कुएं वाले कमरे पर गेट नहीं होने के कारण कुत्ते और अन्य पशु वहां पहुंच जाते थे। इससे पानी की शुद्धता प्रभावित होने और अशुद्ध जलापूर्ति से बीमारियां फैलने की आशंका बनी रहती थी। इसके अलावा परिसर में कंटिली झाड़ियां और पेड़-पौधे काफी बढ़ गए थे, जहां सांप निकलने की घटनाएं भी सामने आती थीं।

सारस्वत के अनुसार, भाजपा नेता अमित चौधरी के प्रयासों से मनरेगा के माध्यम से वाटर वर्क्स परिसर की सफाई करवाई गई। वहीं कुएं वाले कमरे पर गेट उन्होंने अपने निजी खर्च से लगवाया। उन्होंने इसे वार्डवासियों की लंबे समय से चली आ रही समस्या के समाधान की दिशा में उठाया गया कदम बताया।हनुमानगढ़ के वार्ड 10 स्थित वाटर वर्क्स परिसर में सफाई कार्य का जायजा लेते भाजपा नेता और नगरपरिषद के जनप्रतिनिधि

सभापति ने मौके पर पहुंचकर नगरपरिषद के कार्यों का किया उल्लेख

इसी बीच दोपहर में नगरपरिषद सभापति मंजू रणवां, पूर्व सभापति सुमित रणवां और पार्षद नवीन बाकोलिया वाटर वर्क्स परिसर पहुंचे। उन्होंने सफाई कार्य का जायजा लेते हुए इसके लिए नगरपरिषद की ओर से मनरेगा के तहत करवाए गए कार्यों का उल्लेख किया। उनका कहना था कि पार्षद नवीन बाकोलिया के प्रयासों से परिसर की सफाई करवाई गई है।

इस दौरान मुख्य सड़क निर्माण को लेकर भी चर्चा हुई। सभापति मंजू रणवां ने बताया कि सड़क निर्माण के रास्ते में जिन लोगों के मकान या अन्य निर्माण आगे बढ़े हुए थे, उन्होंने स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाकर सहयोग किया है। उन्होंने संबंधित वार्डवासियों का आभार जताते हुए बताया कि जल्द ही करीब 52 लाख रुपए की लागत से सड़क निर्माण करवाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र और वार्डवासियों को आपस में जोड़ने के लिए अंडरपास का निर्माण भी करवाया जाएगा, जिसके टेंडर हो चुके हैं। शहर के विकास में जनसहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका है और लोगों के सहयोग से विकास कार्यों को गति दी जा रही है।

विकास कार्यों के श्रेय को लेकर दोनों पक्षों में बयानबाजी

वाटर वर्क्स की सफाई और सड़क निर्माण को लेकर दोनों पक्षों के दावों के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई। भाजपा प्रत्याशी रहे पारितोष सारस्वत ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार है और कर्मचारियों का वेतन राज्य सरकार की ओर से दिया जाता है। उनके अनुसार वाटर वर्क्स की सफाई का कार्य भाजपा नेता अमित चौधरी के प्रयासों से संभव हुआ है।

उन्होंने सवाल उठाया कि यदि नगरपरिषद बोर्ड की ओर से ही यह कार्य करवाया जाना था तो पिछले दो वर्षों में परिसर की सफाई क्यों नहीं करवाई गई और सड़क निर्माण की दिशा में पहले कदम क्यों नहीं उठाए गए? सारस्वत ने आरोप लगाया कि काम होने के बाद उसका श्रेय लेने के लिए जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता वास्तविकता से परिचित है।

वहीं, पार्षद नवीन बाकोलिया ने इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पिछले दो वर्षों तक नगरपरिषद में प्रशासक का कार्यकाल रहा और उस दौरान भी प्रदेश में भाजपा की सरकार थी। यदि विकास कार्य करवाने की मंशा थी तो उस समय भी काम करवाए जा सकते थे। उन्होंने कहा कि वार्डवासियों ने उन्हें चुनकर जिम्मेदारी सौंपी है और उन्हें किसी कार्य का श्रेय लेने की आवश्यकता नहीं है। नगरपरिषद में जनता का बोर्ड है और जनता जानती है कि उनके क्षेत्र में कौन काम करवा रहा है।

फिलहाल वार्ड 10 में वाटर वर्क्स की सफाई और सड़क निर्माण को लेकर दोनों पक्षों के दावों के बीच राजनीतिक बहस तेज हो गई है। वहीं वार्डवासियों को अब प्रस्तावित सड़क निर्माण और अंडरपास के काम शुरू होने का इंतजार है।

Advertisement