जीत के तुरंत बाद वार्ड में चलाया सफाई अभियान, आमजन की सुविधा के लिए शुरू की निशुल्क गाड़ी सेवा
हनुमानगढ़।हिमांशु मिड्ढा
ग्राम पंचायत जोड़कीयां के वार्ड नंबर 5 से वार्ड पंच पद पर निर्वाचित हुईं प्रेम कंवर ने जीत के तुरंत बाद ही वार्ड के विकास कार्यों की दिशा में पहल शुरू कर दी है। उन्होंने 93 मतों के अंतर से जीत हासिल कर वार्डवासियों का विश्वास जीता। चुनाव परिणाम आने के बाद उन्होंने वार्ड की मूलभूत समस्याओं के समाधान और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने को प्राथमिकता देते हुए कार्य शुरू करवाए।
वार्ड पंच बनने के साथ ही प्रेम कंवर ने वार्ड में साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विशेष सफाई अभियान शुरू करवाया। इसके तहत वार्ड की गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर सफाई व्यवस्था सुधारने की पहल की गई। इसके अलावा आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए निशुल्क गाड़ी सेवा भी शुरू की गई है, ताकि जरूरतमंद लोगों को आवागमन में राहत मिल सके। उनकी इस पहल को वार्डवासियों की ओर से सकारात्मक कदम बताया जा रहा है।
गौरतलब है कि प्रेम कंवर युवा नेता हेम सिंह नरुका की माता हैं। प्रेम कंवर की जीत के साथ ही हेम सिंह नरुका की भी गांव की राजनीति में सक्रिय एंट्री मानी जा रही है। हेम सिंह नरुका पूर्व में छात्रसंघ चुनावों और बार संघ चुनावों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। इसके साथ ही शहर में सामाजिक एवं राजनीतिक गतिविधियों में भी उनकी सक्रिय भागीदारी रही है। अब उनका जुड़ाव गांव की राजनीति से होने के चलते क्षेत्र में उनकी भूमिका को लेकर भी चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद विकास कार्यों को लेकर दिखाई गई सक्रियता से वार्डवासियों में भी उत्साह देखने को मिल रहा है। लोगों का कहना है कि जनप्रतिनिधि की असली जिम्मेदारी चुनाव जीतने के बाद शुरू होती है और प्रेम कंवर ने शुरुआती दौर में ही सफाई अभियान तथा निशुल्क गाड़ी सेवा शुरू करवाकर जनसेवा की दिशा में पहल की है। वार्डवासियों ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में वार्ड की अन्य समस्याओं का भी प्राथमिकता से समाधान होगा और क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिलेगी।


















