भटनेर किंग्स क्लब ने BPL-7 विजेता टीम सतनाम & ऋषभ स्मैशर्स के खिलाड़ियों को किया सम्मानित, कप्तानों और मेंटोर साथियों का पगड़ी पहनाकर अभिनंदन; खेल, प्रेम, एकता और भाईचारे के नाम रही शाम
हनुमानगढ़।हिमांशु मिड्ढा
जीत की खुशी जब अपनों के साथ बांटी जाती है तो वह खुशी दोगुनी हो जाती है। इसी भावना को साकार करते हुए भटनेर किंग्स क्लब की ओर से BPL-7 के शानदार आयोजन के बाद विजेता खिलाड़ियों के सम्मान में हनुमानगढ़ की सिविल लाइन स्थित सामुदायिक भवन में भव्य सम्मान एवं स्नेह मिलन समारोह आयोजित किया गया। यह आयोजन केवल जीत का जश्न नहीं, बल्कि चार दिनों तक चले क्रिकेट के रोमांच, आपसी सहयोग, दोस्ती, उत्साह और यादगार पलों को फिर से जीने का खूबसूरत अवसर बन गया।
कार्यक्रम में क्लब के सभी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समारोह में विजेता टीम सतनाम & ऋषभ स्मैशर्स के सभी खिलाड़ियों को उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही BPL-7 में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सभी कप्तानों एवं मेंटोर साथियों का पगड़ी पहनाकर आत्मीय अभिनंदन एवं स्वागत किया गया। पूरे आयोजन में अपनत्व, सम्मान और पारिवारिक एकता का अनूठा माहौल देखने को मिला।
विजेता टीम के मेंटोर सतनाम सिंह ने अपनी खुशी साझा करते हुए कहा कि यह जीत किसी एक खिलाड़ी की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरी टीम की मेहनत, एकजुटता और विश्वास का परिणाम है। टीम के प्रत्येक खिलाड़ी ने अपनी भूमिका पूरी जिम्मेदारी से निभाई। मैदान पर खिलाड़ियों के बीच तालमेल, एक-दूसरे का हौसला बढ़ाने का जज्बा और अंतिम क्षण तक जीत के लिए संघर्ष करने की भावना ही हमारी सबसे बड़ी ताकत रही।
उन्होंने कहा कि भटनेर किंग्स क्लब केवल एक क्लब नहीं, बल्कि ऐसा परिवार है जहां हर सदस्य एक-दूसरे की खुशी और सम्मान को अपनी खुशी समझता है। BPL-7 ने हमें क्रिकेट के साथ-साथ दोस्ती, अनुशासन और आपसी प्रेम की भी अनेक यादें दी हैं। उन्होंने क्लब के संरक्षक आशीष विजय, अध्यक्ष कुलभूषण जिंदल और समस्त क्लब सदस्यों का इस शानदार आयोजन एवं खिलाड़ियों को दिए गए सम्मान के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।
विजेता टीम के कप्तान ऋषभ शर्मा ने कहा कि BPL-7 का अनुभव हमेशा यादगार रहेगा। इतने बड़े आयोजन में खेल भावना, अनुशासन और आपसी सहयोग बनाए रखना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। क्लब द्वारा मैच की लाइव ब्रॉडकास्टिंग , आयोजन की व्यवस्थाओं और सभी सदस्यों की सक्रिय भागीदारी ने इस टूर्नामेंट को एक अलग पहचान दी है।
उन्होंने कहा कि मैदान पर मुकाबला भले ही प्रतिद्वंद्वियों के बीच होता है, लेकिन मैदान के बाहर सभी एक परिवार के सदस्य हैं। यही भटनेर किंग्स क्लब की सबसे बड़ी खूबसूरती है। उन्होंने अपनी पूरी टीम के खिलाड़ियों, कप्तानों, मेंटोर साथियों और क्लब के प्रत्येक सदस्य का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह सम्मान पूरी टीम के सामूहिक प्रयासों का सम्मान है।
क्लब संरक्षक आशीष विजय ने अपने संबोधन में सभी कप्तानों, मेंटोर साथियों, खिलाड़ियों एवं क्लब सदस्यों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि BPL-7 जैसे बड़े आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न करवाना किसी एक व्यक्ति का काम नहीं है। इसके पीछे प्रत्येक कप्तान, मेंटोर, खिलाड़ी और क्लब सदस्य की मेहनत, समय, समर्पण और सहयोग जुड़ा हुआ है।
उन्होंने कहा कि सभी टीमों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। शांतिपूर्ण एवं शानदार आयोजन में सभी का योगदान सराहनीय रहा। उन्होंने विजेता सतनाम सिंह एवं ऋषभ शर्मा तथा उनकी पूरी टीम को हार्दिक बधाई दी। साथ ही उपविजेता कपिल गोयल एवं लेखराज गिरधर की टीम की शानदार खेल भावना और प्रदर्शन की भी प्रशंसा की।आशीष विजय ने कहा कि जीतने वाली टीम का सम्मान करना जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी उन सभी खिलाड़ियों और टीमों के प्रयासों का सम्मान करना है जिन्होंने इस प्रतियोगिता को रोमांचक बनाया। उन्होंने कहा कि BPL की असली सफलता ट्रॉफी जीतने में ही नहीं, बल्कि इतने बड़े क्लब परिवार को एक साथ जोड़ने और आपसी रिश्तों को मजबूत बनाने में है।
क्लब अध्यक्ष कुलभूषण जिंदल ने अपने संबोधन में बेहद भावपूर्ण संदेश देते हुए कहा कि हार और जीत खेल का अभिन्न हिस्सा हैं। किसी एक टीम को ट्रॉफी मिलती है, लेकिन इस आयोजन के बाद वास्तव में जीत पूरे क्लब परिवार की हुई है।उन्होंने कहा कि हमें जीत को विनम्रता के साथ और हार को खुले दिल से स्वीकार करना सीखना चाहिए। खेल हमें केवल प्रतिस्पर्धा करना ही नहीं, बल्कि एक-दूसरे का सम्मान करना भी सिखाता है। विचारों में असहमति हो सकती है, आपसी मतभेद भी हो सकते हैं, लेकिन हमारे मनों में कभी भेद नहीं आना चाहिए। क्लब की एकता, आपसी प्रेम और भाईचारा किसी भी ट्रॉफी से कहीं अधिक मूल्यवान है।
उन्होंने सभी सदस्यों से भविष्य में भी इसी भावना के साथ क्लब की गतिविधियों में सहयोग करते रहने का आह्वान किया और कहा कि हमारा उद्देश्य केवल टूर्नामेंट आयोजित करना नहीं, बल्कि एक ऐसा परिवार बनाए रखना है जहां हर सदस्य को सम्मान और अपनत्व मिले।सम्मान समारोह में गीत-संगीत का भी विशेष आयोजन किया गया। डॉ. पुनीत जैन ने अपनी शानदार गायन प्रस्तुति से समां बांध दिया और अपनी खूबसूरत आवाज से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं एडवोकेट गणेश गलहोत्रा ने भी अपने सुरीले गीतों के माध्यम से शानदार प्रस्तुति दी। उपस्थित सदस्यों ने तालियों और उत्साह के साथ कलाकारों का हौसला बढ़ाया।
इस दौरान BPL-7 के रोमांचक मुकाबलों, शानदार चौकों-छक्कों, बेहतरीन गेंदबाजी, अविश्वसनीय कैच, खिलाड़ियों के जज्बे और मैदान पर बने यादगार पलों को याद करते हुए सभी ने अपने अनुभव साझा किए। कभी हंसी-ठहाकों का दौर चला तो कभी मैदान के रोमांचक क्षणों की चर्चा ने सभी को फिर से उसी उत्साह में सराबोर कर दिया।समारोह में उपस्थित सभी कप्तानों, मेंटोर साथियों और क्लब सदस्यों ने विजेता खिलाड़ियों के सम्मान में आयोजित इस खूबसूरत कार्यक्रम के लिए क्लब संरक्षक आशीष विजय, अध्यक्ष कुलभूषण जिंदल एवं पूरी क्लब टीम का हार्दिक आभार व्यक्त किया। सभी ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ क्लब के सदस्यों के बीच आपसी प्रेम और जुड़ाव को भी मजबूत करते हैं।कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन क्लब कोषाध्यक्ष दारा सिंह ने किया।
BPL-7 की यह शाम इस बात का प्रमाण बन गई कि खेल का असली आनंद केवल जीतने में नहीं, बल्कि साथ खेलने, साथ हंसने, एक-दूसरे का हौसला बढ़ाने और खुशियां बांटने में है। सतनाम & ऋषभ स्मैशर्स की जीत ने जहां खिलाड़ियों के चेहरों पर खुशी बिखेरी, वहीं इस सम्मान समारोह ने पूरे क्लब परिवार को एक बार फिर एक सूत्र में पिरो दिया।
कार्यक्रम में क्लब सरंक्षक अदरीश खान, रवि दाधीच, गजेंद्र दाधीच, हरि चारण, एडवोकेट गणेश गिल्होत्रा, सतविंदर सिंह सत्ती, विशाल मुदगिल, प्रगट सिंह, लेखराज गिरधर, महक गर्ग , गौरव बेनीवाल, अनिल नैन, खुशनीत सिंह, संदीप चौधरी, मनप्रीत सिंह, शुभम कत्याल, गोपाल राम, इंद्र सिंधी सहित क्लब के अन्य सदस्य, टीम कप्तान एवं मेंटर्स उपस्थित रहे।


















