महामंडलेश्वर श्रीकांत शर्मा ने युवाओं को धर्म, संस्कार और आध्यात्मिक ज्ञान जीवन में उतारने की दी प्रेरणा, वरिष्ठ भाजपा नेता महेश बसावतिया की अगुवाई में महामंडलेश्वर का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया
मण्डावा। झुंझुनूं । अजीत जांगिड
कार्तिक मास में श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण मनुष्य के जीवन में धर्म, भक्ति और संस्कारों का संचार करने के साथ उसे सदाचार एवं मानवीय मूल्यों की राह पर चलने की प्रेरणा देता है। सनातन संस्कृति की मजबूती और सामाजिक एकता के लिए नई पीढ़ी का अपनी आध्यात्मिक विरासत से जुड़ना बेहद जरूरी है। यह संदेश फतेहपुर मार्ग स्थित मण्डावा रिसोर्ट में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के दौरान महामंडलेश्वर श्रीकांत शर्मा ने श्रद्धालुओं को दिया।
महामंडलेश्वर श्रीकांत शर्मा ने कहा कि कार्तिक मास में श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करना बड़े सौभाग्य की बात है। भागवत कथा भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य स्वरूप का ज्ञान कराने के साथ मनुष्य को धर्म, भक्ति, सेवा और सत्कर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। ऋषि-मुनियों, साधु-संतों और महंतों ने सनातन संस्कृति, परंपराओं एवं आध्यात्मिक मूल्यों के संरक्षण के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया है।
आज आवश्यकता है कि युवा पीढ़ी भी इस गौरवशाली विरासत से जुड़े और इसके आदर्शों को अपने व्यवहार एवं जीवनशैली में अपनाए। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि सनातन संस्कृति की वास्तविक शक्ति उसके संस्कारों, नैतिक मूल्यों और जीवन दर्शन में निहित है। युवा भागवत के ज्ञान को केवल कथा श्रवण तक सीमित नहीं रखें, बल्कि उसे अपने जीवन में उतारकर परिवार, समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करें। धार्मिक आयोजनों की सार्थकता तभी है, जब उनसे समाज में आपसी सद्भाव, सेवा, समरसता और सकारात्मक सोच को बढ़ावा मिले। वरिष्ठ भाजपा नेता महेश बसावतिया की अगुवाई में महामंडलेश्वर श्रीकांत शर्मा का भव्य अभिनंदन किया गया ।
इस अवसर पर झुंझुनूं से पहुंचे श्रद्धालुओं एवं समाज के गणमान्य लोगों ने वरिष्ठ भाजपा नेता महेश बसावतिया की अगुवाई में महामंडलेश्वर श्रीकांत शर्मा का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान महामंडलेश्वर श्रीकांत शर्मा को शॉल एवं साफा ओढ़ाकर, माल्यार्पण कर तथा भगवान श्रीकृष्ण की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया गया। बसावतिया की अगुवाई में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने मंच पर पहुंचकर महामंडलेश्वर श्रीकांत शर्मा के प्रति श्रद्धा एवं सम्मान प्रकट किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
ब्राह्मण समाज के वरिष्ठजनों, नेताओं एवं सामाजिक प्रतिनिधियों की मौजूदगी में हुए इस अभिनंदन समारोह ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की। कार्यक्रम के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की भव्य आरती का आयोजन हुआ। समाज के जिलाध्यक्ष अरविंद पारीक ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली, सामाजिक सौहार्द और समस्त क्षेत्रवासियों के मंगलमय जीवन की कामना करते हुए प्रार्थना की। आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्म एवं भक्ति के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।
इस अवसर पर मुख्य यजमान पीएल शर्मा, समाज के जिलाध्यक्ष अरविंद पारीक, पूर्व कमिश्नर विनोद शर्मा, शिवचरण पुरोहित, पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष पवन पुजारी, पुजारी सेवक महासंघ के जिलाध्यक्ष विनोद पुजारी, एडवोकेट प्रदीप शर्मा, पवन टाइपिस्ट शर्मा, शरद शर्मा, विनोद शर्मा, आनंद हिसारिया सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। श्रीमद्भागवत कथा का यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ सनातन संस्कृति के संरक्षण, सामाजिक समरसता और युवा पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ने का प्रेरणादायी संदेश दे गया।














