Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं एचसीएल का बड़ा लक्ष्य – 2030 तक तीन गुना होगा तांबा उत्पादन...

एचसीएल का बड़ा लक्ष्य – 2030 तक तीन गुना होगा तांबा उत्पादन , केसीसी में तैयार होगा रोडमैप

खेतड़ी कॉपर कॉम्प्लेक्स में एचसीएल के 60वें स्थापना दिवस पर 2030 तक तांबा उत्पादन तीन गुना करने के लक्ष्य को लेकर आयोजित कार्यशाला

60वें स्थापना दिवस पर कार्यशाला में उत्पादन वृद्धि की रणनीति पर मंथन, अधिकारियों ने प्रस्तुत किए सुझाव एवं कार्ययोजनाएं

खेतड़ी।झुंझुनूं । अजीत जांगिड
हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड (एचसीएल) ने अपने 60वें स्थापना दिवस के अवसर पर भविष्य में उत्पादन क्षमता बढ़ाने की दिशा में कदम तेज कर दिए हैं। खेतड़ी कॉपर कॉम्प्लेक्स (केसीसी) के प्रशासनिक भवन स्थित सभागार में आयोजित कार्यशाला में वर्ष 2030 तक उत्पादन तीन गुना करने के महत्वाकांक्षी लक्ष्य को हासिल करने की रणनीति पर विस्तार से मंथन किया गया। कार्यशाला में अधिकारियों ने उत्पादन बढ़ाने के लिए अपने सुझाव और कार्ययोजनाएं प्रस्तुत कीं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केसीसी महाप्रबंधक एवं कार्यवाहक इकाई प्रमुख वीके इंद्रा थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में जयंत मुखोपाध्याय, मयूख चटर्जी, विपिन शर्मा, मोहम्मद उस्मान एवं कमलेश कुमार उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि वीके इंद्रा ने कहा कि एचसीएल की 60 वर्षों की यात्रा उपलब्धियों, अनुभवों और सामूहिक प्रयासों की गौरवशाली कहानी है। अब कंपनी के सामने वर्ष 2030 तक उत्पादन तीन गुना करने का महत्वपूर्ण लक्ष्य है।

इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए पूरी प्रतिबद्धता, समर्पण और टीम भावना के साथ काम करना होगा। उन्होंने कहा कि उत्पादन क्षमता में वृद्धि के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल, कार्यप्रणाली में सुधार, उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग और सुरक्षा मानकों का प्रभावी पालन जरूरी है। सभी विभागों के समन्वित प्रयासों और नवाचार आधारित कार्ययोजनाओं से निर्धारित लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति की जा सकती है।

कार्यशाला के दौरान तीन टीमों ने वर्ष 2030 तक उत्पादन तीन गुना करने के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए अपने-अपने सुझाव एवं कार्ययोजनाएं प्रस्तुत कीं। प्रस्तुतियों के आधार पर ओरंगजेब ए एवं अनिल सोनी की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं शौरभ श्रीनायक, नरेंद्र एवं शैलेंद्र चावला की टीम द्वितीय तथा पंकज पाटीदार एवं गोपति वमषिकी की टीम तृतीय स्थान पर रही। कार्यशाला में कमलेश कुमार ने आयोजन के उद्देश्य एवं विभिन्न गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर मनीष गवई, भूपेश बंबोरिया, राजेश डांढेल, विनायक साहू, प्रवीण कुमार, गरुड़ारामूजी सहित केसीसी के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Advertisement