व्यंजनों की स्टॉल, रोचक खेल, फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता और कलाकारों के करतब रहे आकर्षण का केंद्र
झुंझुनूं । अजीत जांगिड
शहर के प्रिंस इंटरनेशनल स्कूल में बाल दिवस के अवसर पर रंगारंग बाल मेले का भव्य आयोजन किया गया। मेले में विद्यार्थियों ने उत्साह, उमंग और रचनात्मकता के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पूरे दिन विद्यालय परिसर बच्चों की खिलखिलाहट, मनोरंजक गतिविधियों और उत्सवी माहौल से गुलजार रहा। बाल मेले में विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों की आकर्षक स्टॉल लगाईं।
अभिभावकों और अतिथियों ने स्टॉल पर पहुंचकर लजीज पकवानों का आनंद लिया तथा बच्चों के प्रयासों की सराहना की। बच्चों के लिए आयोजित रोचक खेलों में भी खूब उत्साह देखने को मिला। वहीं फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में नन्हे प्रतिभागियों ने अलग-अलग वेशभूषाओं में शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की तालियां बटोरीं। मेले में बाहर से आए कलाकारों ने मनोरंजक गतिविधियों और रोमांचक करतबों से बच्चों का भरपूर मनोरंजन किया।
कलाकारों की प्रस्तुतियों ने बच्चों में खासा उत्साह भर दिया। विद्यार्थियों ने मेले की विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाते हुए अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का परिचय दिया। इस अवसर पर प्रिंस इंटरनेशनल ग्रुप ऑफ स्कूल्स के चेयरमैन डॉ. जी.एल. कालेर ने कहा कि बाल दिवस बच्चों की मासूमियत, खुशियों और सपनों का उत्सव है। ऐसे आयोजन बच्चों को किताबी शिक्षा से आगे बढ़कर व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने, मिलजुलकर काम करने और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं।
संस्थान का प्रयास है कि प्रत्येक विद्यार्थी को अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार आगे बढ़ने का मंच मिले। संस्थान निदेशक निर्मल कालेर ने कहा कि बाल मेले जैसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और व्यावहारिक समझ विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बच्चों ने स्टॉल लगाने से लेकर विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने तक जिस उत्साह और अनुशासन का परिचय दिया, वह सराहनीय है। उन्होंने भविष्य में भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए ऐसे आयोजन जारी रखने की बात कही। इस अवसर पर विद्यालय प्राचार्य महेंद्र सैनी सहित समस्त स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।














