31 आपराधिक मामलों में नामजद आरोपी लंबे समय से चल रहा था फरार, पुलिस टॉप-10 वांछित अपराधियों की सूची में था शामिल


सवाई माधोपुर। नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुंडेरा थाना पुलिस और जिला विशेष टीम ने राज्य स्तर पर चिह्नित नशा तस्कर जसराम उर्फ झब्बू मीणा को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने उसके कब्जे से 13.34 ग्राम अवैध स्मैक भी बरामद की है। पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्रवाई की जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी जसराम उर्फ झब्बू मीणा निवासी उलियाना लंबे समय से फरार चल रहा था और जिले के टॉप-10 वांछित अपराधियों की सूची में शामिल था। कुंडेरा थाना पुलिस और जिला विशेष टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए उसे उलियाना गांव के मुख्य गेट से गिरफ्तार किया।
चार जिलों में दर्ज हैं 31 आपराधिक मामले
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ सवाई माधोपुर, करौली, टोंक और कोटा जिलों के विभिन्न पुलिस थानों में एनडीपीएस एक्ट सहित कुल 31 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इनमें कुंडेरा, कोतवाली सवाई माधोपुर, मानटाउन, मलारना डूंगर, पीलोदा, कोतवाली करौली, मंडावरी, कुड़गांव, अयाना और नयापुरा कोटा सहित अन्य थानों के मामले शामिल हैं।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 13.34 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है। इस संबंध में कुंडेरा थाने में मुकदमा संख्या 206/2026 दर्ज किया गया है। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 और 29 के तहत कार्रवाई करते हुए अनुसंधान शुरू कर दिया गया है।
सप्लाई चेन और नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी ने बताया कि आरोपी राज्य स्तर पर नारकोटिक्स से संबंधित चिह्नित अपराधियों में शामिल था और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर नशे की सप्लाई चेन, तस्करी नेटवर्क और इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।









