236 नामांकन पत्रों पर हुआ निर्णय , सोमवार को नाम वापसी के बाद साफ होगी चुनावी तस्वीर
झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
जिला परिषद चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया के बाद अब चुनावी तस्वीर स्पष्ट होने की दिशा में एक और कदम बढ़ गया है। जिला परिषद के 41 वार्डों के लिए दाखिल सभी नामांकन पत्रों की जांच शनिवार को पूरी कर ली गई। इन वार्डों में 202 अभ्यर्थियों ने कुल 236 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए थे। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग ने बताया कि शनिवार दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) का कार्य पूरा कर लिया गया। सभी नामांकन पत्रों को वार्डवार लेकर उपस्थित अभ्यर्थियों के सामने एक-एक कर जांचा गया और नियमानुसार निर्णय किया गया। सभी नामांकन पत्रों पर निर्णय हो चुका है।
सोमवार को सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक नाम वापसी – डॉ. अरूण गर्ग ने बताया कि रविवार को अवकाश रहेगा। सोमवार, 19 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक नाम वापसी की प्रक्रिया होगी। जिन अभ्यर्थियों के नामांकन पत्र सही पाए गए हैं और वे चुनाव नहीं लड़ना चाहते, उन्हें नाम वापस लेने के लिए निर्धारित समयावधि में व्यक्तिगत रूप से कार्यालय में उपस्थित होना होगा। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिला परिषद के 41 वार्डों में चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों की स्थिति स्पष्ट होगी। इसके साथ ही विभिन्न वार्डों में संभावित चुनावी मुकाबले की तस्वीर भी सामने आएगी।















