Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं राज्य स्तरीय कराटे चैंपियनशिप में नमन भार्गव ने जीता कांस्य पदक

राज्य स्तरीय कराटे चैंपियनशिप में नमन भार्गव ने जीता कांस्य पदक

सिंघाना के कराटे खिलाड़ी नमन भार्गव को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतने पर जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने सम्मानित किया

जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग एवं आरएएस शिवा चौधरी ने किया सम्मानित, उपलब्धि से सिंघाना में खुशी की लहर

सिंघाना । झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
सिंघाना के होनहार कराटे खिलाड़ी नमन भार्गव ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि पर बुधवार को जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने माला पहनाकर सम्मानित किया। खिलाड़ी की सफलता की सराहना करते हुए उन्होंने उज्ज्वल भविष्य की कामना की और युवाओं को खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान आरएएस अधिकारी शिवा चौधरी भी मौजूद रहीं।
ऐरावत मार्शल आर्ट के कोच अभिषेक राजोरा ने बताया कि सिंघाना निवासी दिनेश कुमार भार्गव के पुत्र नमन भार्गव ने 70वीं एसजीएफआई राज्य स्तरीय कराटे चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया। श्रीगंगानगर में 30 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में नमन ने अंडर-17 आयु वर्ग के 62 किलोग्राम भार वर्ग में अपनी प्रतिभा का दमदार प्रदर्शन कर पदक अपने नाम किया। नमन की इस उपलब्धि पर जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग ने उनका उत्साहवर्धन करते हुए खेल के क्षेत्र में निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं से खेल गतिविधियों में भागीदारी बढ़ाने तथा अपनी प्रतिभा को निखारकर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
ऐरावत मार्शल आर्ट के कोच एवं सीईओ सेंसई अभिषेक कुमार ने नमन भार्गव को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी मेहनत, लगन, अनुशासन और नियमित अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि नमन भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सिंघाना और झुंझुनूं जिले का नाम रोशन करेंगे। कोच अभिषेक कुमार ने बताया कि ऐरावत मार्शल आर्ट संस्थान युवाओं को खेलों के प्रति लगातार प्रोत्साहित कर रहा है।
संस्थान में खिलाड़ियों को नियमित प्रशिक्षण देकर राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन और संघर्ष करने की क्षमता विकसित करते हैं। नमन भार्गव की इस सफलता से उनके परिवार, विद्यालय, ऐरावत मार्शल आर्ट संस्थान और पूरे सिंघाना क्षेत्र में खुशी का माहौल है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पदक जीतकर नमन ने क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को नई पहचान दी है। उनकी उपलब्धि से अन्य युवा खिलाड़ियों को भी खेलों में आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा साबित करने की प्रेरणा मिलेगी।
Advertisement