पीपल यूनिटी संस्थान ने शुरू की निःशुल्क बाइपेप मशीन सेवा

जरूरतमंद श्वांस रोगियों को मिलेगी मुफ्त बाइपेप मशीन, समाजसेवियों ने संस्था को भेंट की दो मशीनें

चूरू। स्थानीय पुरानी सड़क स्थित जी.के. मॉल में पीपल यूनिटी संस्थान की ओर से जरूरतमंद मरीजों के लिए निःशुल्क बाइपेप मशीन सेवा का शुभारंभ किया गया। इस पहल का उद्देश्य कमजोर फेफड़ों एवं श्वांस संबंधी गंभीर समस्याओं से जूझ रहे मरीजों को समय पर आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराना है।संस्था के अध्यक्ष रघुनाथ खेमका ने बताया कि समाजसेवी प्रदीप सरावगी एवं कल्पेश सर्राफ के सहयोग से दो बाइपेप मशीनें संस्था को भेंट की गई हैं। इन मशीनों के माध्यम से ऐसे जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जिन्हें श्वांस लेने में कठिनाई होती है और चिकित्सकीय सलाह के अनुसार बाइपेप मशीन की आवश्यकता होती है।उन्होंने बताया कि मरीज के स्वस्थ होने के बाद मशीन को पुनः संस्था में जमा करवाना होगा, ताकि उसी मशीन का लाभ अन्य जरूरतमंद मरीजों को भी मिल सके। इस व्यवस्था से अधिक से अधिक लोगों तक सेवा पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर संस्था के सचिव इंजी. सुरेश शर्मा, मोहन भालेरीवाला, नवनीत बगड़िया, महमूद मोयल, मुकेश शर्मा सहित संस्था के पदाधिकारी एवं शहर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।