जीवन में ‘दिनचर्या बदले और स्वस्थ रहें’ पुस्तक का विमोचन

झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली को जन-जन तक पंहुचाने के उद्देश्य से पुष्कर दत्त प्रजापत की लिखी पुस्तक “दिनचर्या बदले और स्वस्थ रहें” का श्री दादूद्वारा बगड़ में पूज्य संत महामंडलेश्वर डॉ. अर्जुनदास महाराज एवं पतंजलि योग समिति के राज्य प्रभारी पवन कुमार ने विमोचन किया। महामंडलेश्वर डॉ. अर्जुनदास महाराज ने कहा कि स्वस्थ जीवन का आधार हमारी दिनचर्या है। यदि व्यक्ति अपनी दैनिक आदतों को योग, प्राणायाम, संतुलित आहार एवं अनुशासित जीवनशैली के अनुरूप ढाल ले, तो अनेक बीमारियों से बचता है। उन्होंने पुस्तक को समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए इसके व्यापक अध्ययन एवं प्रचार प्रसार की आवश्यकता बताई। राज्य प्रभारी पवन कुमार ने कहा कि यह पुस्तक लोगों को स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा देगी। पुस्तक योग और प्राकृतिक जीवनशैली को अपनाने के लिए मार्गदर्शन प्रदान करेगी। उन्होंने सभी से स्वस्थ भारत के निर्माण के लिए नियमित योग एवं संतुलित दिनचर्या अपनाने का आह्वान किया। विमोचन कार्यक्रम में रोहित स्वामी, आशीष कुमार, आकाश नेहरा, डॉ. प्रीतम सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं योग प्रेमी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने पुस्तक के लेखक पुष्कर दत्त प्रजापत को शुभकामनाएँ देते हुए इसे समाज के लिए उपयोगी एवं प्रेरणादायी कृति बताया।