कंडक्टर से मारपीट के विरोध में शुक्रवार को चूरू डिपो की 42 बसों का संचालन रहेगा बंद

पांच रोडवेज कर्मचारी भूख हड़ताल पर बैठे, आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर पूरे सीकर जोन में चक्का जाम की चेतावनी

चूरू। पुराने कलेक्ट्रेट स्थित अस्थायी बस स्टैंड पर एक सप्ताह पूर्व रोडवेज कंडक्टर के साथ हुई मारपीट के विरोध में शुक्रवार को चूरू रोडवेज डिपो की सभी 42 बसों का संचालन बंद रहेगा। इससे डिपो के 10 से अधिक रूट प्रभावित होंगे और प्रतिदिन यात्रा करने वाले करीब 15 हजार यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।आरोपी की गिरफ्तारी और उचित कार्रवाई की मांग को लेकर गुरुवार को आंदोलन और तेज हो गया। रोडवेज के जितेंद्र चाहर, हेम सिंह, तालिब हुसैन, महेंद्र धायल और राजेश पायल भूख हड़ताल पर बैठ गए। सीटू अध्यक्ष जितेंद्र चाहर ने बताया कि कर्मचारियों का आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती।जानकारी के अनुसार, पुराने कलेक्ट्रेट स्थित अस्थायी बस स्टैंड पर बस खड़ी करने को लेकर निजी बस संचालक और रोडवेज कंडक्टर के बीच विवाद हो गया था। आरोप है कि विवाद के दौरान निजी बस संचालक ने कंडक्टर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया।घटना के बाद से चूरू डिपो के चालक और परिचालक धरने पर बैठे हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि घटना के कई दिन बाद भी पुलिस द्वारा आरोपी को गिरफ्तार नहीं किए जाने से उनमें भारी रोष है।सीटू, इंटक और बीएमएस के संयुक्त मोर्चा के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि शुक्रवार तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा तथा पूरे सीकर जोन में रोडवेज बसों का संचालन बंद कर दिया जाएगा।रोडवेज कर्मचारियों के आंदोलन को देखते हुए शुक्रवार को यात्रियों को वैकल्पिक परिवहन व्यवस्था का सहारा लेना पड़ सकता है। वहीं, बस संचालन बंद रहने से जिले के विभिन्न मार्गों पर यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होने की संभावना है।