विश्व जनसंख्या दिवस पर निबंध प्रतियोगिता: विद्यार्थियों ने जनसंख्या संतुलन का दिया प्रभावशाली संदेश

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर स्थानीय राजस्थान पब्लिक उच्च माध्यमिक विद्यालय, गणपति नगर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के तत्वावधान में विद्यार्थियों के बीच निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य बढ़ती जनसंख्या, उसके सामाजिक-आर्थिक प्रभावों तथा जनसंख्या नियंत्रण के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता विकसित करना रहा। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए “जनसंख्या वृद्धि की चुनौतियाँ एवं समाधान”, “छोटा परिवार–सुखी परिवार” तथा “सतत विकास में जनसंख्या संतुलन का महत्व” जैसे समसामयिक विषयों पर प्रभावशाली निबंध प्रस्तुत किए। प्रतिभागियों ने अपने विचारों के माध्यम से बढ़ती जनसंख्या से उत्पन्न चुनौतियों, सीमित संसाधनों पर बढ़ते दबाव और उनके व्यावहारिक समाधानों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य शुभकरण खीचड़ ने कहा कि देश के सतत एवं समावेशी विकास के लिए जनसंख्या पर नियंत्रण तथा प्राकृतिक संसाधनों का संतुलित उपयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से समाज में जनजागरूकता फैलाने और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर सहायक अभियंता ज्योति ढूकिया ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। प्रतियोगिता में मिताली, अवि, हर्ष चावला, किरण प्रभा एवं नंदिनी शेखावत ने श्रेष्ठ प्रदर्शन कर पुरस्कार प्राप्त किए। साथ ही सभी प्रतिभागियों के उत्साह और रचनात्मक अभिव्यक्ति की सराहना की गई। विद्यालय के सचिव इंजी. पीयूष ढूकिया ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में सामाजिक सरोकारों के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने विश्व जनसंख्या दिवस के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने तथा जनसंख्या संतुलन के प्रति समाज को जागरूक करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर सुधीर शर्मा, मंगलाराम जांगिड़, वसीम अकरम, अनिता, सुभाष बिलखिवाल, मनीष सैनी, दलीप कुमार सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।