300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर पुलिस ने सुलझाई चोरी की वारदात, पंजाब से दो आरोपी गिरफ्तार

सूरजगढ़ थाना पुलिस व डीएसटी की बड़ी कार्रवाई, सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी मामले का खुलासा

सूरजगढ़ । झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
सूरजगढ़ थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने घर में घुसकर सोने-चांदी के आभूषण एवं नकदी चोरी करने की वारदात का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर आरोपियों को पंजाब से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने करीब 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों का 350 किलोमीटर तक पीछा कर उन्हें धर दबोचा।पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा चिड़ावा वृत्ताधिकारी विकास धींधवाल के सुपरविजन में सूरजगढ़ थानाधिकारी रणजीत सिंह सेवदा एवं डीएसटी टीम ने यह उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की। पुलिस के अनुसार 19 मई 2026 को परिवादी हरिशचंद्र पुत्र जगरूप यादव, निवासी वार्ड नंबर 6, काकोड़ा अंडरपास के पास, सूरजगढ़ ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 18 मई की रात अज्ञात चोर उनके घर की खिड़की तोड़कर अंदर घुस गए। इसके बाद उन्होंने दरवाजे खोलकर घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण, नकदी एवं अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। वारदात के समय परिवादी और उनके भाई नौकरी के कारण बाहर तैनात थे तथा परिवार घर पर अकेला था।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल डीएसटी एवं सूरजगढ़ थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर जांच शुरू की। टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे करीब 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। साथ ही तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया सूचनाओं के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनका पीछा किया गया।।लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम पंजाब के बठिंडा जिले के रामपुराफूल थाना क्षेत्र स्थित मेहराज गांव पहुंची, जहां से दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में चोरी की वारदात में संलिप्तता सामने आने पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पांच दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया है। उनसे चोरी किए गए माल की बरामदगी एवं अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ जारी है। गिरफ्तार आरोपी में सुखबीर सिंह पुत्र किशन सिंह, जाति बावरिया, निवासी मेहराज, थाना रामपुराफूल, जिला बठिंडा (पंजाब) तथा गुरप्रीत सिंह पुत्र मगर सिंह, जाति मजहबी सिख, निवासी मेहराज, थाना रामपुराफूल, जिला बठिंडा (पंजाब) शामिल हैं Iकार्रवाई में डीएसटी टीम में शशिकांत (सहायक उप निरीक्षक), हरिश (हेड कांस्टेबल), संदीप (कांस्टेबल), कुलदीप (कांस्टेबल) एवं योगेंद्र सिंह (कांस्टेबल) शामिल रहे। वहीं सूरजगढ़ थाना टीम में रणजीत सिंह सेवदा (थानाधिकारी), राजकुमार (सहायक उप निरीक्षक), सुभाषचंद्र (सहायक उप निरीक्षक) तथा महेश कुमार (कांस्टेबल) ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान जारी है तथा अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार की जाएगी।